डिप्टी सीएम केशव प्रसाद के सामने भाजपाईयों ने उठाई जनसमस्याएं : RTO भ्रष्टाचार, सड़क और पेंशन मुद्दों पर 15 दिन में कार्यवाही का भरोसा

मथुरा । मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने भाजपा जिला पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जनपद की प्रमुख समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में भाजपा नेताओं ने आम जनता से जुड़े कई अहम मुद्दे उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखे। भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे एवं जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बैठक में जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने आरटीओ कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा जोरदार तरीके से रखा। उन्होंने बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के नाम पर खुलेआम दलाली चल रही है और बिना सुविधा शुल्क के आम नागरिक का कार्य नहीं हो पा रहा।
इसके साथ ही मथुरा के वाहन फिटनेस सेंटर को आगरा शिफ्ट किए जाने का मामला भी उठाया गया। बताया गया कि इससे वाहन स्वामियों को करीब 60 किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है और फिटनेस के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। बैठक में अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं में आधार एवं आयुष्मान कार्ड बनवाने में आ रही दिक्कतें, पात्र बुजुर्गों की लंबित वृद्धावस्था पेंशन, नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण में देरी तथा सड़क-फुटपाथ के असंतुलित लेवल से हो रहे हादसों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इसके अलावा कार्यकर्ताओं एवं व्यापारियों की सुरक्षा को देखते हुए शस्त्र लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग भी की गई।

पूर्व राज्य मंत्री रविकांत गर्ग ने सड़क निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर चिंता जताई। वहीं निर्भय पांडे ने कहा कि RTO में दलाली और फिटनेस सेंटर का खेल बंद होना चाहिए। उपमुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए 15 दिन के भीतर कार्रवाई का भरोसा दिया है। उपमुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, लोक निर्माण विभाग, नगर निगम एवं समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि संयुक्त कैंप लगाकर जनसमस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अनिल चौधरी, सतपाल चौधरी, आकाश चौधरी, अमन ठाकुर, ज्ञानेन्द्र, सुषिला, मनीषा पाराशर, निर्मला सिंह बघेल, रेखा निषाद, रणवीर, सुरेश तरकर, विक्रम सिंह, अजय परखम, ओमप्रकाश सैनी, वीरचन्द्र गुर्जर सहित अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।