अनाथ बच्चों के लिए सहारा बने पूर्ति निरीक्षक, तहसील दिवस में उठाया जिम्मेदारी का मुद्दा

मथुरा। महावन तहसील क्षेत्र के कस्बा महावन में तीन अनाथ और बेसहारा बच्चों के लिए पूर्ति निरीक्षक रविकांत सहारा बनकर सामने आए हैं। उन्होंने इन बच्चों की मदद के लिए न सिर्फ व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास किए, बल्कि तहसील दिवस में भी उनकी समस्या को प्रमुखता से उठाया।
तहसील दिवस के दौरान एडीएम प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए चाइल्ड हेल्थ केयर संस्था को इन बच्चों की देखरेख की जिम्मेदारी सौंपी है, ताकि उन्हें बेहतर संरक्षण और सुविधाएं मिल सकें।
बताया गया कि बच्चों के अनाथ होने की सूचना मिलने के बाद से ही पूर्ति निरीक्षक रविकांत समय-समय पर उनकी हर संभव सहायता करते आ रहे हैं। चूंकि सभी बच्चे अभी नाबालिग हैं, इसलिए फिलहाल उनका राशन कार्ड बनना संभव नहीं हो पाया है।
इस संबंध में पूर्ति निरीक्षक रविकांत ने बताया कि बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए वह किसी समाजसेवी की मदद से उनका नाम राशन कार्ड में जुड़वाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि उन्हें खाद्यान्न सहित अन्य सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और समाज के सहयोग से इन बच्चों को बेहतर भविष्य देने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।