वृंदावन में “स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवार्ड” समारोह में मेधावी छात्र-छात्राएं हुए सम्मानित

वृंदावन। श्रीवृंदावन बाल विकास परिषद के तत्वावधान में स्वर्गीय मोहनलाल चौधरी की पुण्य स्मृति में “स्टूडेंट ऑफ द ईयर अवार्ड” समारोह का भव्य आयोजन गांधी मार्ग स्थित गुरु गंगेश्वर देवकी भोजराज कन्या विद्यालय में हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में नगर के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के मेधावी छात्र-छात्राओं को सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम पार्षद घनश्याम चौधरी ने कहा कि बच्चों को समय-समय पर प्रोत्साहन देने से उनमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों का सम्मान समाज के लिए सकारात्मक संदेश देता है और अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करता है।
विशिष्ट अतिथि पुनीत शर्मा (चेयरमैन, ब्रज प्रॉपर्टी) ने कहा कि बच्चे देश की अमूल्य धरोहर हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहतर शिक्षा, मार्गदर्शन व अवसर उपलब्ध कराना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने का आह्वान किया।
सम्मानित अतिथि अजय कुमार गौतम एवं गोपाल चौधरी ने भी विद्यार्थियों को अनुशासन और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे परिषद के चेयरमेन नवीन चौधरी एडवोकेट ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाते हैं और उनमें प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं।
इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग, वाटर बोटल, ज्योमेट्री बॉक्स, चॉकलेट, प्रमाण पत्र, ट्रॉफी एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह में अभिभावकों, शिक्षकों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमामय बनाया। अंत में अभिषेक उदेनिया ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ सचिन अग्रवाल विष्णु गोला आकाश शर्मा रौनव चौधरी बिटटू हरिओम शास्त्री आशीष चौहान विनय शर्मा शैलेंद्र सिंह लव सक्सेना पवन ठाकुर कृष्णा चौधरी आदि उपस्थित थे।