मथुरा में दो सप्ताह से लापता युवक का बंद मकान में फंदे से लटका मिला शव

कुत्ते के नरमुंड लेकर घूमने के बाद ग्रामीणों को हुई जानकारी, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

राया। थाना राया क्षेत्र के गांव सरूपा में दो सप्ताह से लापता 20 वर्षीय युवक का शव बुधवार शाम एक बंद मकान में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। शव जीर्ण-शीर्ण अवस्था में था। घटना की जानकारी उस समय हुई जब ग्रामीणों ने एक कुत्ते को नरमुंड मुंह में दबाकर ले जाते देखा। ग्रामीणों ने कुत्ते से नरमुंड छुड़ाया और इसकी सूचना युवक के परिजनों तथा पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही चौकी बिचपुरी प्रभारी कुशलपाल सिंह पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। परिजनों ने अपने बंद पड़े मकान को खोलकर देखा तो अंदर 20 वर्षीय विमल पुत्र सोनवीर का शव फंदे से लटका मिला। शव काफी खराब अवस्था में था। यह दृश्य देखकर परिजनों के होश उड़ गए।

पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चौकी प्रभारी ने बताया कि विमल के करीब दो सप्ताह पूर्व घर से लापता होने की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी थी। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर जांच कर रही है। परिजनों के अनुसार विमल की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। परिजनों ने किसी के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।