बरसाना की लठमार–लड्डूमार होली को लेकर पुलिस का बड़ा एक्शन प्लान
बरसाना–नंदगांव में सुरक्षा और व्यवस्थाओं का महाभ्यास, 7 जोन–18 सेक्टर में बंटा इलाका
60 पार्किंग, बॉक्स फॉर्मेशन, CCTV कंट्रोल रूम—श्रद्धालुओं के लिए सख्त लेकिन सुगम व्यवस्था
मथुरा । आगामी लठमार होली और लड्डूमार होली को सकुशल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी क्रम में 16 जनवरी 2026 को बरसाना और नंदगांव क्षेत्र की व्यवस्थाओं को लेकर बरसाना स्थित पीडब्ल्यूडी सभागार में एक अहम समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और श्रद्धालुओं की आवाजाही को लेकर कड़ा और स्पष्ट रोडमैप तैयार किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सीसीटीवी कैमरा और लाउडस्पीकर सिस्टम का मुख्य कंट्रोल रूम पीडब्ल्यूडी सभागार में स्थापित किया जाएगा, जिससे पूरे आयोजन पर रियल-टाइम निगरानी रखी जा सके। श्रद्धालुओं के लिए तय रूट, बिना भटके होंगे दर्शन सभी श्रद्धालुओं का प्रवेश केवल श्रीजी गेट से होगा।
श्रद्धालु कटरा पार्क → सुदामा चौक → दादी बाबा मंदिर → सिंहपौर गेट होते हुए श्रीजी के दर्शन करेंगे, जबकि जयपुर मंदिर की ओर से निकास मार्ग निर्धारित किया गया है। भारी भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग कर छोटे-छोटे बॉक्स बनाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालुओं को बॉक्स फॉर्मेशन में आगे बढ़ाया जाएगा। रंगीली चौक के आने-जाने वाले मार्गों पर आवागमन अत्यंत प्रतिबंधित रहेगा।
समस्त वाहनों के लिए कुल 60 बड़ी पार्किंग चिन्हित की गई हैं। पार्किंग के बाद श्रद्धालुओं को पैदल ही मंदिर दर्शन के लिए जाना होगा।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जूता-चप्पल स्टैंड रोडवेज बस स्टैंड से पहले ही बनाए जाएंगे, ताकि दर्शन के बाद किसी को वापस मंदिर क्षेत्र में लौटना न पड़े।
पूरे बरसाना–नंदगांव क्षेत्र को 7 जोन और 18 सेक्टर में विभाजित कर सुदृढ़ पुलिस व्यवस्था लागू की जाएगी, जिससे किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।समन्वय गोष्ठी में अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अमरेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, उप जिलाधिकारी प्राजक्ता त्रिपाठी, क्षेत्राधिकार गोवर्धन अनिल कुमार सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि, ईओ नगर पंचायत, सभासद, मंदिर कमेटी के पदाधिकारी एवं संभ्रांत नागरिकगण उपस्थित रहे।