गौरव कुमार को लगातार दूसरी बार मिली जिम्मेदारी, नेहा चौधरी वरिष्ठ उपाध्यक्ष और भीम सिंह उपमंत्री निर्विरोध निर्वाचित
मथुरा । उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की जनपद मथुरा इकाई के अंतर्गत तहसील सदर की कार्यकारिणी का द्विवार्षिक चुनाव सोमवार, 26 अक्टूबर को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। चुनाव में कपिल उपाध्याय को तहसील अध्यक्ष और गौरव कुमार को तहसील मंत्री चुना गया। लेखपालों ने दोनों अनुभवी पदाधिकारियों पर भरोसा जताते हुए संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है। गौरव कुमार को उनके पिछले कार्यकाल में सक्रिय भूमिका के चलते दोबारा तहसील मंत्री चुना गया, जबकि कपिल उपाध्याय भी पूर्व में तहसील अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं।
उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा तहसील सदर मथुरा की ओर से जारी निर्वाचित पदाधिकारियों की सूची के अनुसार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर नेहा चौधरी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी कृष्णकांत को मिली, जबकि उपमंत्री पद पर भीम सिंह निर्विरोध चुने गए। कोषाध्यक्ष पद पर रितेश वशिष्ठ और लेखा परीक्षक पद पर ओमप्रकाश पटेल निर्विरोध निर्वाचित हुए।
चुनाव में गौरव कुमार का दोबारा तहसील मंत्री चुना जाना प्रमुख चर्चा का विषय रहा। पूर्व कार्यकाल के दौरान लेखपालों के बीच उनकी सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए साथियों ने एक बार फिर उन्हें यह दायित्व सौंपा। वहीं, कपिल उपाध्याय के अध्यक्ष निर्वाचित होने से संगठन में उनके अनुभव का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से लेखपालों को उम्मीद है कि वह संगठन को मजबूत करने, साथियों की समस्याओं के समाधान और लेखपालों के हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने के लिए कार्य करेगी।
चुनाव प्रक्रिया में चुनाव अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह, चुनाव पर्यवेक्षक राहुल गुप्ता और द्वितीय चुनाव अधिकारी शिवकुमार गौतम की भूमिका रही।