गोकुल में मकर संक्रांति महोत्सव पर अष्टम संगोष्ठी का भव्य शुभारंभ

संस्कृत महाविद्यालय के वार्षिकोत्सव में संस्कृति, सेवा और साहित्य का संगम

गोकुल (मथुरा)। मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर दो दिवसीय वार्षिकोत्सव के अंतर्गत सेवायाम–कथायाम कार्यक्रम के तहत रतन मोती संस्कृत महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित मकर संक्रांति पर्व महोत्सव में अष्टम संगोष्ठी का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन भगवान गोकुलनाथ जी के चित्रपट के समक्ष दीप प्रज्वलन कर मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं चौमुंहा ब्लॉक अध्यक्ष शोभा राम शर्मा तथा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष निरंजन सिंह धनगर ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर रिपुसूदन मिश्र ने संस्कृत महाविद्यालय के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह शिक्षण संस्थान सौ वर्षों से भी अधिक प्राचीन है और यहां से शिक्षा प्राप्त छात्र-छात्राएं आज देश के विभिन्न उच्च पदों पर कार्यरत हैं ।

संगोष्ठी में पधारे प्रख्यात कवि एवं गीतकार राधा गोविंद पाठक ने अपने ओजस्वी कंठ से काव्य पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मुख्य अतिथि शोभा राम शर्मा ने महाविद्यालय में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विजयी छात्र-छात्राओं को पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक रवींद्र सिंह ने कहा कि विद्यालय की निरंतर प्रगति, अनुशासन और संस्कृत भाषा के संरक्षण व संवर्धन में किए जा रहे प्रयास प्रशंसनीय हैं । अध्यक्षता कर रहे जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन निरंजन सिंह धनगर ने सेवा भाव का परिचय देते हुए गरीब, असहाय एवं वृद्धाश्रम की विधवा माताओं को कंबल एवं गर्म वस्त्र वितरित किए।

संगोष्ठी में जनपद के अनेक गणमान्य नागरिकों, शिक्षाविदों एवं समाजसेवियों ने सहभागिता करते हुए अपने-अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। अंत में महाविद्यालय के प्रबंधक मुकुंद कृष्ण उपाध्याय ने आभार व्यक्त किया।