मथुरा रेलवे स्टेशन पर कैटरिंग स्टालों पर लगा एक लाख रु का जुर्माना, सड़ा पेठा बेचने वाली स्टाल सील

पे एंड यूज शौचालयों में साफ़ सफ़ाई संतोषजनक न मिलने पर रु 10000/- की लगी पेनल्टी
मथुरा। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर गुरुपूर्णिमा मेले को देखते हुए भारी भीड़ के लिए रेल प्रशासन द्वारा तमाम प्रबंध किए गए हैं । स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा कर रहे यात्रियों को खान पान, पेयजल तथा शौचालय की उचित व्यवस्था प्रदान करवाने के लिए लगातार वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण तथा मॉनिटरिंग की जा रही है। बीती रात मण्डल वाणिज्य प्रबंधक तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक द्वारा औचक छापेमारी की गई जिसमें यात्रियों से ओवरचार्जिंग और खाने की गुणवत्ता में कमी पाये जाने पर स्टालों पर एक लाख तक का जुर्माना लगाया गया। प्लेटफार्म नंबर 7 और 8 की ऐसी 4 दुकानों पर ये कार्यवाही हुई है।
अधिकारियो ने कैटरिंग स्टाल के ठेकेदारों को हिदायत दी है कि यदि गुणवत्ता में कमी पायी गई तो स्टाल को सील कर तुरंत बंद करवा दिया जाएगा। ओवरचार्जिंग पर लगातार कड़ी कार्यवाही जारी रहेगी और भारी जुर्माने लगाये जाएँगे। अधिकारियों ने पे एंड यूज शौचालयों का भी निरीक्षण किया और साफ़ सफ़ाई संतोषजनक ना होने पे रु 10000/- का जुर्माना लगाया । मेले में आये यात्रियों के लिए मूलभूत सुविधाओं में कमी को हल्के में नहीं लिया जा सकता इसके लिए स्टेशन के पर्यवेक्षकों को भी कड़ी चेतावनी दी गई है।
अगर रेल यात्रा के दौरान आपसे भी कोई एमआरपी से ज्‍यादा पैसे वसूलता है, तो आप उसकी शिकायत ट्रेन में बैठे ही रेलवे के शिकायत हेल्प लाइन नंबर 139, रेल मदद ऐप और रेलवे वेबसाइट के माध्‍यम से कर सकते हैं।