मथुरा में ट्रैफिक पुलिस ने क्रेन से उठाये दर्जनों वाहन

मथुरा। एस एस पी की सख्ती के चलते शहर में यातायात को सुचारू बनाये रखने हेतु पुलिस ने अपनी कार्यवाही को तेज करते हुए चौराहों, तिराहों व सड़क किनारे सफेद पट्टी के बाहर खड़े वाहनों को क्रेन द्वारा उठाना प्रारम्भ कर दिया है।
आज मंगलावार को शहर के हृदय स्थल होलीगेट चौराहे से पुलिस ने कार,टैम्पू, मोटरसाइकिल सहित दर्जनों वाहनों को क्रेन द्वारा उठा लिया । पुलिस की इस कार्यवाही से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गयी, लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही अपने वाहनों को वहां से हटाने लगे। पुलिस की वाहन उठाओ कार्यवाही से अनाधिकृत वाहन पार्क करने वालों में धीरे-धीरे खौफ व्याप्त होने लगा है। यातायात पुलिस के साथ क्षेत्रीय थानों चैकियों की फोर्स भी वाहन उठाने में सहयोग कर रही है चूंकि आज मंगलवार होने की वजह से बाजार का साप्ताहिक अवकाश था। इस लिए बाजार में वाहनों की संख्या भी कम थी लेकिन यह अभियान नित्य चलेगा तो निश्चित ही नो एन्ट्री व सफेद पट्टी के बाहर वाहन खडे करने वालों की शामत आयेगी। और उन्हें भारी जुर्माना भी भुगतना होगा।

बिचोलियों पर अंकुश लगायें एस एस पी
मथुरा। यातायात व्यवस्था को चौपट करने में सबसे बडा योगदान उन बिचौलियों का है जो हर समय यातायात पुलिस कर्मियों के इर्द-गिर्द मडराते रहते है। वही लोग यह सुनिश्चित करते है कि कौन सा टैम्पू, टिर्री शहर में चलेगा या नही। जिस टैम्पू चालक ने इन बिचौलियों को खुश नही किया समझो उसका टैम्पू शहर में नही चल सकता। बिचौलियों का प्रभाव इस कदर हावी है कि बगैर कागजात व फिटनेस के कई टैम्पू फर्राटे से दौड़ रहे है। वरिष्ठ अधिकारियों को चाहिए कि वह इन बिचोलियों पर अंकुश लगायें।