बीएसए कॉलेज के पास मारपीट में घायल की आगरा में मौत, शव को कोतवाली में रखकर किया प्रदर्शन

परवेज अहमद
मथुरा। शहर कोतवाली के बीएसए कॉलेज के पास बुधवार को मारपीट में गंभीर घायल एक व्यक्ति की आगरा में उपचार के दौरान गत दिन सांय मौत हो गई आगरा में पोस्टमार्टम कराने के बाद शनिवार दोपहर परिजन एंबुलेंस से शव को लेकर मथुरा पहुंचे यहां उन्होंने शहर कोतवाली के अंदर शव रखकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की इसके बाद शव को कोतवाली के सामने सड़क पर रख दिया। काफी देर तक हंगामा होता रहा पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद इन लोगों को समझा-बुझाकर शांत किया और उनकी तहरीर पर आरोपियों खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की बात कही तब जाकर वे शांत हुए और शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए |
मिली जानकारी के अनुसार शहर के बीएसए कॉलेज के पास राजीव नगर कॉलोनी निवासी 45 वर्षीय महेंद्र सिंह पुत्र कर्ण सिंह गंभीर हालत में अपने घर के पास ही पड़ा मिला था उसके चेहरे पर काफी चोटे थी सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महेंद्र सिंह को बीएसए कॉलेज चौकी पर ले गए और उन्होंने पुलिस को बताया कि 4 लोगों ने उनके साथ मारपीट की है और घायल कर यहां छोड़ गए पुलिस ने इन्हें चिट्ठी मजरूमी दी और जिला अस्पताल पहुंचाया वहां पर उसका मेडिकल हुआ लेकिन महेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टर ने उसे आगरा एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस दौरान घायल के दोनों बेटे वह पत्नी भी साथ में आगरा के अस्पताल में रहे शुक्रवार 15 जुलाई की शाम को महेंद्र ने दम तोड़ दिया। आज परिजन एंबुलेंस द्वारा शव को लेकर मथुरा आए यहां शव को लेकर कोतवाली पहुंच गए और दर्जनों महिलाओं ने वहां पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और घिराव किया यह देख पुलिसकर्मियों के भी हाथ पैर फूल गए।
परिजनों का आरोप था कि बीएसए कॉलेज पुलिस चौकी में तैनात पुलिसकर्मियों ने उनकी तहरीर पर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की उल्टा उन्हें डांटा फटकारा गया मेडिकल कराने के बाद जब वह आगरा घायल को ले गए तो पुलिस ने उनसे कोई संपर्क नहीं किया जबकि पुलिस को उन्होंने अपना फोन नंबर भी दिया था। प्रदर्शन व धरने को देखते हुए कोतवाली प्रभारी विजय कुमार आ गए। इस बीच तनाव देखते हुए आसपास की कई चौकियों के प्रभारी व पुलिसकर्मियों को भी बुला लिया गया। पुलिस से काफी जद्दोजहद होती रही लेकिन महिलाएं बिना कार्यवाही के हटने को तैयार नहीं थी एक बार तो लगा कि पुलिस सख्ती कर रही है और बवाल बढ़ जाएगा लेकिन महिलाओं के कड़े रुख के कारण पुलिस बेबस हो गई और वह समझाने बुझाने लगी इसी बीच मृतक के परिजन शव को लेकर कोतवाली के सामने सड़क पर पहुंच गए और वहां जाम लगा दिया।
मृतक के बेटे आकाश व पत्नी ने बताया कि 13 तारीख को उन्हीं की कॉलोनी के रहने वाले जीतेंद्र, मलखान सिंह, चेतन, व बादल ने महेंद्र को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था वह पैसे वाले लोग हैं इसी के कारण पुलिस ने भी उनके खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की। पुलिस को आक्रोशित लोगों को समझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और आखिरकार पुलिस उन्हें समझाने में कामयाब रहे. सीओ सिटी अभिषेक तिवारी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मृतक के परिजनों को आश्वस्त किया कि उनकी तहरीर पर रिपोर्ट लिखी जा रही है आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस संबंध में सीओ सिटी ने बताया कि नामजदों को जल्द गिरफ्तार किया जायेगा।