अलीगढ़ । उत्तर प्रदेश के जनपद अलीगढ़ के महुआखेड़ा थाना क्षेत्र के धनीपुर हवाई पट्टी के पास मंगलवार दोपहर को बड़ा हादसा हुआ। ट्रक व निजी बस के बीच आमने-सामने भिड़ंत में अकराबाद के नगरिया चाहरम पट्टी निवासी 40 वर्षीय उर्मिला पत्नी नन्हे सिंह की मौत हो गई। हादसे में 11 लोग घायल हैं। इनमें चार-पांच लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें जेएन मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। अन्य घायल निजी अस्पतालों में हैं। घायल अलीगढ़ जिले के ही हैं। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस का एक तरफ का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। पुलिस ने रास्ता रोककर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात को सुचारू करवाया। हादसे के दौरान यात्रियों में मची चीख पुकार से आसपास के लोग मौके पर आ गए। घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया है।