जहर देकर हत्या का आरोप, तीसरी युवती की हालत नाजुक; पुलिस जांच में जुटी
मथुरा। जनपद के छाता थाना क्षेत्र के गांव उमराया में बुधवार देर रात संदिग्ध हालात में चावल और कोल्ड ड्रिंक का सेवन करने के बाद तीन युवतियों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई गईं सगी बहनों में से दो की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीसरी युवती की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
मृतकाओं की पहचान 17 वर्षीय मुस्कान और 19 वर्षीय अरवाना के रूप में हुई है, जो उमराया गांव निवासी गुलाब सिंह की बेटियां थीं। परिजनों के अनुसार, बुधवार रात दोनों बहनें घर की छत पर थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति की नाबालिग बेटी उनके पास चावल और कोल्ड ड्रिंक लेकर पहुंची। तीनों ने इसका सेवन किया, जिसके कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वे अचेत हो गईं।
हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में कोसीकलां के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रेफर कर दिया। बाद में दोनों बहनों को केडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार देर शाम इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं तीसरी युवती को भी अलग-अलग अस्पतालों में दिखाने के बाद केडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतकाओं के पिता गुलाब सिंह ने आरोप लगाया है कि पड़ोसी से उनका लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते साजिश के तहत उनकी बेटियों को कोल्ड ड्रिंक में जहर देकर मौत के घाट उतारा गया है। उन्होंने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही छाता पुलिस मौके पर पहुंच गई और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।