आठ दिसंबर को मथुरा आएंगे मुख्यमंत्री योगी, मांट में करेंगे जनसभा

वृंदावन में भाजपा की प्रचार रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे

मथुरा। आठ दिसंबर को कस्बा मांट में जावरा रोड पर स्थित श्री बृज आदर्श इंटर कॉलेज के खेल मैदान में सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। सूत्रों का कहना है कि योगी वृंदावन में भाजपा की प्रचार रथ यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे। अभी प्रशासन के पास अधिकृत कार्यक्रम नहीं आया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को कस्बा मांट में जनसभा करने के लिए आ रहे हैं इसकी तैयारी को लेकर सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी सहित जिला प्रशासन ने हेलीपैड और जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। तैयारियों की पूरा करने के लिए अधीनस्थ अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी नितिन गौड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर 12 बजे होगा। हेलीपैड और जनसभा स्थल पर तैयारियां शुरू हो गई हैं और साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग और बिजली विभाग द्वारा भी तैयारियां को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया गया है। मुख़्यमंत्री के आगमन की जानकारी मिलते ही मांट विधान सभा से भाजपा की टिकट के दावेदार अपना दमखम दिखाने में जुट गए है।