मथुरा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई , Blinkit और Zepto समेत कई प्रतिष्ठानों पर छापेमारी , हजारो रुपये का घी सीज
कुट्टू के आटे, घी, बादाम दूध और आइसक्रीम के नमूने जांच को भेजे
मथुरा । नवरात्र पर्व पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मथुरा-वृंदावन में खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान ब्लिंकिट और जेप्टो सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुट्टू के आटे और घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। कार्रवाई के दौरान 26 हजार रुपये मूल्य का घी सीज किया गया। इसके अलावा बादाम दूध और आइसक्रीम के नमूने भी संग्रहित किए गए।
जिलाधिकारी सीपी सिंह के आदेशों के अनुपालन में यह अभियान चलाया गया। डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल ने नवरात्र के मद्देनजर विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। खाद्य सुरक्षा टीम ने वृंदावन के चैतन्य विहार, सुनरख और राजपुर स्थित ब्लिंकिट प्रतिष्ठानों के साथ ही मथुरा के डैम्पियर नगर और टाउनशिप स्थित ब्लिंकिट प्रतिष्ठानों तथा गोविंद नगर स्थित जेप्टो प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया। इस दौरान कुट्टू के आटे और घी के नमूने संग्रहित कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। टीम ने 26 हजार रुपये मूल्य के घी को सीज भी किया।
अभियान के दौरान कालीचरण मिठाई वाले के प्रतिष्ठान से बादाम दूध तथा छाता स्थित क्रीमबेल इंडस्ट्रीज से आइसक्रीम का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई करने वाली खाद्य सुरक्षा टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मोहर सिंह कुशवाह, राम नरेश, नेहा सिंह, दिनेश भारती और धर्मेंद्र सिंह शामिल रहे।
सचल प्रयोगशाला से मिलावट के प्रति किया जागरूक
खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए होली गेट चौराहे पर खाद्य सचल प्रयोगशाला वाहन (एफएसडब्ल्यू) के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें आमजन और खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों में होने वाली मिलावट तथा घरेलू स्तर पर उनकी प्रारंभिक जांच करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
खाद्य विभाग का उद्देश्य नवरात्र पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के साथ ही उपभोक्ताओं को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और मिलावट के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।