उत्तर प्रदेश में महानवमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित

​लखनऊ। योगी सरकार ने त्यौहारों के अवसर पर आम जनमानस और कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 19 अक्टूबर 2026 (सोमवार) को महानवमी के पावन पर्व पर सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा इस संबंध में आधिकारिक विज्ञप्ति जारी कर दी गई है।

​उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में 17 नवंबर 2025 की विज्ञप्ति द्वारा वर्ष 2026 के राजपत्रित अवकाशों की सूची में 20 अक्टूबर 2026 को महानवमी एवं विजयदशमी का सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। इसी क्रम में अब महानवमी के पर्व को देखते हुए 19 अक्टूबर (दिन सोमवार) को भी निगोशिएबुल इन्स्ट्रूमेंट्स एक्ट, 1881 के तहत सार्वजनिक अवकाश रखने का निर्णय लिया गया है।

​प्रमुख सचिव एस०वी०एस० रंग राव द्वारा जारी इस अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि 19 अक्टूबर को घोषित अवकाश के अतिरिक्त 17 नवंबर 2025 की मूल विज्ञप्ति के शेष अंश यथावत रहेंगे। शासन के इस निर्णय से प्रदेश भर के सरकारी कार्यालयों, बैंकों और शिक्षण संस्थानों में 19 अक्टूबर को भी अवकाश रहेगा, जिससे लोगों को महानवमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाने का अवसर मिलेगा।