6 दिसंबर को लेकर मथुरा में रहेगी कड़ी सुरक्षा, शासन ले रहा है पल पल का अपडेट ,रेल बस का संचालन बंद

मथुरा। जनपद में 6 दिसंबर को जलाभिषेक और पदयात्रा के प्रस्तावित कार्यक्रम निरस्त होने के बाद भी पुलिस प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में लगा है। पुलिस विभाग की सर्द मौसम में दिन का चैन और रात की नींद उड़ी हुई है। शासन स्तर के उच्चाधिकारी पल पल का अपडेट ले रहे है। उधर रेल प्रशासन ने 4 दिसम्बर से सात दिसम्बर तक रेल बस का संचालन बंद कर दिया है।

बाजार में अफवाहों का दौर पूरे चरम पर है। मगर पुलिस की सजगता हर कोशिश को नाकाम करेगी। शुक्रवार को शाही ईदगाह मस्जिद पर होने वाली जुम्मे की नमाज को लेकर पुलिस सुरक्षा व्यवस्था का खाका खींचकर पूर्ण रूप से तैयार है। कोई विवाद ना हो इसके लिए जनपद के सभी थानों में संभ्रात व्यक्तियों की बैठक कर शांति का संदेश दे दिया गया है। पुलिस लाइन में बीती रात हुई आगरा मंडल के कमिश्नर और आई जी की पुलिस अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक में जनपद की सुरक्षा व्यवस्था और आगामी 6 दिसंबर को जनपद में शांति बनी रहे इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का गहन मंथन हुआ ।

कृष्ण की नगरी में हमेशा दोनों समाज शांति का संदेश देते रहे हैं फिर भी पुलिस कोई चूक न हो इसके लिए अपनी सारी तैयारियां पूर्ण कर ली है। 6 दिस. को कानून व्यवस्था बनाये रखने के लिए आगरा जोन से देर से शाम तक काफी संख्या में फोर्स अपनी आमद करा कर ड्यूटी स्थल पर मुस्तैद हो जाएगा। एसएसपी ने बताया सोशल मीडिया पर पैनी निगाहें रखी जा रही हैं। अफवाह फैलाने, धार्मिक भावना भड़काने वाले, सांप्रदायिक सौहार्द को बिगाड़ने वाले को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी । सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

एसपी सिटी एम पी सिंह ने बताया कि शहर की सुरक्षा दो सुपर जोन, चार जोन और आठ सेक्टरों में बांटी गई है। तीन दिसंबर से लेकर छह दिसंबर तक एएसपी 4, सीओ 10, इंस्पेक्टर 40, दरोगा 230, सिपाही एक हजार, पैरा मिलिट्री फोर्स-10 कंपनी करीब 2100 पुलिस और पैरा मिलिट्री फोर्स के जवानों के हाथ में कमान होगी। शहर का माहौल खराब करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। इसके अलावा सुपर जोन, जोन और सेक्टरों में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जायेगी। सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग डीएम और एसएसपी खुद कर रहे है ।