मथुरा। शहर के मध्य स्थित विकास मार्केट की दुर्दशा को सुधारने के लिए नगर निगम क्षेत्रीय निवासियों की मांग पर सौन्दर्यीकरण कार्य कराने की योजना बना रहा है। गुरुवार को मथुरा वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त ने विकास बाजार और वहां स्थापित गांधी पार्क का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त अनुनय झा को विकास बाजार समिति के पदाधिकारी डॉ संजय गौड़ और अक्षय चूड़ामणि ने समस्याओं की जानकारी से अवगत कराया।
विकास मार्केट में गाँधी जी की प्रतिमा स्थल पर प्रकाश, सफाई एवं सौन्दर्यीकरण आदि कराये जाने हेतु क्षेत्रीय निवासियों द्वारा लगातार मांग की जा रही थी। उक्त के दृष्टिगत आज यहाँ निरीक्षण किया गया। नगर आयुक्त ने मौके पर उपस्थित क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी को समूचे बाजार में नियमित सफाई कराने एवं आवारा पशुओं को गौशाला पहुंचाने हेतु निर्देशित किया ।
उन्होंने अधिशासी अभियन्ता सिविल एस.पी. मिश्र को निर्देश दिए कि गाँधी पार्क प्रतिमा स्थल पर नई चाहरदीवारी पाथ-वे, रैलिंग, गेट का निर्माण, आवश्यकतानुसार वृक्षारोपण एवं गाँधी जी की प्रतिमा की सफाई तथा स्थल की रंगाई-पुताई तत्काल कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी एस.एस. यादव सहायक अभियन्ता सिविल दीपांकर सिंह नीरज सफाई निरीक्षक आदि अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे। ज्ञात रहे विकास बाजार के काफी संख्या में दुकानदारों ने लम्बे समय से बकाया चल रहे निगम में टैक्स के रूप में करीब 30 लाख रु जमा कराया हैं।