मथुरा। निजी शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने गुरूवार को एक ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौपते हुए अवगत कराया के मथुरा में स्थित निजी शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत शिक्षकों एवं कर्मचारियों का कोरोना काल से अब तक लगातार शोषण किया जा रहा है।
आप पार्टी के जिला अध्यक्ष रवि प्रकाश भारद्वाज के अनुसार शोषण करने वाली छोटी बड़ी तमाम ऐसी मान्यता प्राप्त निजी शिक्षण संस्थाएं हैं जिन की मान्यताएं सीबीएसई आईसीएससी तथा अन्य बड़े बोर्ड से जुड़ी हुई हैं । कोरोना के नाम पर शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सभी अधिकारों का हनन हुआ है। आज तक उन्हें उन सभी अधिकारों से वंचित रखा गया है जो मान्यताओं के साथ-साथ कानूनी रूप से प्रदत्त हैं। कर्मचारियों को न तो कानूनी मान्यताओं के आधार पर वेतन मिल रहा है ना ही उनकी कोई सामाजिक सुरक्षा है ना ही उनको कोई भविष्य निधि जैसी सुविधा की व्यवस्था की गई है। इसी के साथ -साथ कानूनी मान्यताओं के विपरीत उनसे अतिरिक्त पढ़ाई का कार्य कराया जाता है । इन समस्याओ लेकर कई प्रतिष्ठित निजी शिक्षण संस्थाओं के कार्यरत कर्मचारियों एवं शिक्षकों ने अपनी पीड़ाओं से आम आदमी पार्टी को अवगत कराया है । इसी के साथ- साथ जिलाधिकारी को अवगत कराया कि कोरोना काल में अभिभावकों से भी बड़े पैमाने पर बिना पढ़ाए फीस वसूली की गई है जो कि पूरी तरह से अनुचित है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि निजी शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों को उनके कानूनी अधिकार तथा बड़े पैमाने पर इस तरह की अनियमितताओं में लिप्त शिक्षण संस्थाओं की जांच कराने की मांग करते हुए बिना पढ़ाए अभिभावकों से कोरोना की आड़ में जो फीस वसूल की गई है उसे वापस कराया जाए ।
इस अवसर पर जिला महासचिव सुरेश कुमार सैनी जिला उपाध्यक्ष वी एस ठकुरेला संतोष चंद्र सक्सेना जिला कमेटी सदस्य सुरेश मीणा समय सिंह आदि उपस्थित थे।