मीडिया की मौजूदगी में आत्मदाह की चेतावनी देने वाले देव मुरारी बापू को पुलिस ने लिया हिरासत में

वृन्दावन। मीडिया मौजूदगी में आत्मदाह की चेतावनी देने वाले श्री कृष्ण जन्मभूमि निर्माण न्यास के अध्यक्ष आचार्य देव मुरारी बापू को पुलिस ने बुधवार को हिरासत में ले लिया। उन्होंने मुकदमा दर्ज होने को लेकर पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था और आज दोपहर आत्महत्या की धमकी दी थी। बताया जाता है कि वृन्दावन निवासी देव मुरारी बापू के खिलाफ तीन अगस्त को पड़ोस की महिला ने घर मे घुसकर अभद्रता करने और दस लाख की चौथ मांगने की तहरीर दी थी।

इसमे पुलिस ने जांच के बाद मंगलवार को देव मुरारी बापू समेत तीन नामजद और दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी इस पर देव मुरारी बापू ने पुलिस पर परेशान करने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा कि छह दिसंबर को वह वृन्दावन से शाही मस्जिद ईदगाह तक पदयात्रा निकालना चाहते हैं इसलिए पुलिस ने झूठी रिपोर्ट दर्ज की। बुधवार को देव मुरारी ने दोपहर दो बजे अपने उत्पीडन के खिलाफ आत्महत्या करने की धमकी दी थी। पुलिस ने वृन्दावन स्थित घर से देव मुरारी बापू को हिरासत में ले लिया है।

एसएसपी डॉ.गौरव ग्रोवर ने बताया कि शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गयी है। बुधवार को देव मुरारी बापू ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि उनका महिला से कोई वाद-विवाद नहीं है। महिला से कोई रुपया का लेन देन नही है न धमकाया है और ना कभी कोई गाली दी है। वे हिंदुत्व को लेकर काम कर रहे हैं। कुछ लोग उन्हें रोकना चाहते हैं। उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए।