डेम्पीयर नगर में मल्टी लेबल पार्किंग स्थल पर बने 228 फडों को आबंटित करने की प्रक्रिया प्रारंभ
मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृन्दावन क्षेत्रान्तर्गत विकास कार्य एवं संचारी रोगों की रोकथाम के सम्बन्ध में कलेक्ट्रेट सभागार में आहूत समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा ने वर्तमान में फैल रहे वायरल डेंगू दिमागी बुखार मलेरिया आदि संचारी रोगों की रोकथाम के दृष्टिगत शहरी क्षेत्र के साथ साथ विशेषकर ग्रामों में एन्टी लार्वा का छिडकाव एवं फोगिंग युद्ध स्तर पर कराये जाने के निर्देश दिये है ।
बैठक में अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी को निगरानी समिति को एक्टिव करने के साथ समिति से समन्वय स्थापित करते हुये संचारी रोग की रोकथाम एवं वार्डवार संक्रमित व्यक्तियों की सूचना उपलब्ध कराये जाने हेतु निर्देशित किया गया।
नगर आयुक्त श्री झा द्वारा नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत तालाब एवं पोखरों पर हो रहे अवैध अतिक्रमण को हटाये जाने हेतु अभियान को निरन्तर चलाये जाने के निर्देश दिये गये। यह भी निर्देशित किया गया कि तालाब एवं पोखर से अवैध अतिक्रमण हटाये जाने के उपरान्त स्थल पर तार फेसिंग एवं नगर निगम के स्वामित्व का बोर्ड स्थापित किया जाये। इसके अलावा नगर निगम के नवीन सम्मिलित क्षेत्रों के शामिल ग्रामों में पोखरों की पैमाइश कराकर तत्काल अतिक्रमण हटवाया जाये।
बैठक में मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिवकुमार गौतम को निर्देश दिए कि डेम्पीयर नगर में मल्टी लेबल पार्किंग स्थल बने 228 फडों को पंजीकृत फल सब्जी विक्रेताओं को आवंटित किये जाने की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कर ली जाये।
बैठक में अपर सहायक नगर आयुक्त डी.के. सिंह लवकुश गुप्ता मुख्य अभियन्ता सिविल जितेन्द्र केन लेखाधिकरी डा. गीता कुमारी अधिशासी अभियन्ता सिविल एस.पी. मिश्र राधेश्याम सहायक अभियन्ता जल अनिल रंजन सहायक अभियन्ता वि/यां नन्दकिशोर सहायक अभियन्ता जल एस.एस. यादव क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी परियोजना अधिकारी डूडा मथुरा परियोजना प्रबंधक ड्रेनेज एवं सीवरेज इकाई उ.प्र. जल निगम मथुरा मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण के अधीक्षण अभियन्ता आदि अधिकारीगण उपस्थित रहे।