मथुरा में बिजली बकाएदारों पर निगम का बड़ा प्रहार , 3500 कनेक्शन काटे
राजस्व वसूली के लिए शहर से देहात तक चला अभियान, बिल जमा करने के लिए उपभोक्ताओं को किए जा रहे फोन, मुख्य अभियंता ने अधीनस्थों को दिए लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
मथुरा । बिजली का बकाया जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ विद्युत निगम ने सख्त रुख अपना लिया है। राजस्व वसूली के लिए शहर से लेकर देहात तक चलाए जा रहे अभियान के तहत अब तक करीब 3500 बकाएदारों के बिजली कनेक्शन काटे जा चुके हैं। बिजली गुल होते ही बड़ी संख्या में उपभोक्ता बिजलीघरों और विभागीय कार्यालयों में बिल जमा कराने पहुंच रहे हैं। वहीं कर्मचारियों द्वारा बकाएदारों को फोन कर भुगतान के लिए लगातार संपर्क किया जा रहा है।
मथुरा जोन को 145 करोड़ रुपये से अधिक राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष अब तक करीब 135 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। लक्ष्य पूरा करने के लिए निगम ने वसूली अभियान तेज कर दिया है। शनिवार को भी शहर और देहात क्षेत्र में अभियान चलाया गया। शहरी क्षेत्र में पिछले दो-तीन दिनों से ऑनलाइन माध्यम से बिजली आपूर्ति बंद कर बकाएदारों के कनेक्शन विच्छेद किए जा रहे हैं।
बिजली आपूर्ति बंद होने के बाद उपभोक्ता बकाया बिल जमा कराने के लिए बिजलीघरों और कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने ऑनलाइन भुगतान कर दिया। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों और अभियंताओं को भुगतान का संदेश दिखाकर बिजली आपूर्ति दोबारा शुरू कराई। जिन उपभोक्ताओं ने बकाया जमा कर दिया उनके कनेक्शन जोड़ दिए गए।
अधिशासी अभियंता अनिल ने भी अधीनस्थ कर्मचारियों से अभियान की प्रगति की जानकारी ली। वहीं मुख्य अभियंता राजीव गर्ग ने समीक्षा बैठक कर राजस्व वसूली की स्थिति पर चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही जिन क्षेत्रों में राजस्व वसूली कम है वहां विशेष अभियान चलाकर बकाया वसूली में तेजी लाने को कहा।