मथुरा में खाद्य विभाग की छापेमारी , दूध-पनीर और मिठाइयों के 12 नमूने लिए

बाजना से गोवर्धन और कृष्णा नगर तक चला अभियान, जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

मथुरा । आगामी त्योहारों के मद्देनजर आमजन और श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान दूध पनीर खोआ मिठाई और नमकीन समेत विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 12 नमूने संग्रहित कर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी के आदेश के अनुपालन में डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी केके त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचलदल ने विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की।

विभागीय टीम ने बाजना स्थित नैना डेयरी से दूध बांके बिहारी डेयरी से पनीर तथा सुभाष डेयरी से दूध और पनीर के नमूने लिए। मांट रोड राया स्थित गंगा स्वीट सेंटर से बर्फी और बांके बिहारी स्वीट सेंटर से मलाई लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। राधाकुंड गोवर्धन से भी बर्फी का नमूना लिया गया।

इसी क्रम में कृष्णा नगर स्थित मोहन मिष्ठान भंडार से खोआ डोडा बर्फी और खोआ बर्फी के नमूने लिए गए। टाउनशिप से पेड़ा तथा होलीगेट स्थित कन्हैया लाल नमकीन वाले से नमकीन का नमूना संग्रहित किया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी 12 नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

छापेमारी अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह मोहर सिंह कुशवाह रीना शर्मा अरुण कुमार नेहा और दिनेश कुमार भारती शामिल रहे।