एसडीएम मथुरा सुशील कुमार समेत यूपी में 11 PCS अधिकारियों का ट्रांसफर

लखनऊ । प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 11 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इसमें कई जिलों के उप जिलाधिकारियों (एसडीएम) को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। लखनऊ में एसडीएम रहे संजय कुमार यादव को लखनऊ नगर निगम में अपर नगर आयुक्त की जिम्मेदारी दी गई है। हाथरस में उप जिलाधिकारी रहे राज बहादुर को बुलंदशहर का अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) बनाया गया है। फतेहपुर के एसडीएम दुर्गेश यादव को राहत आयुक्त कार्यालय में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है, जबकि वहां विशेष कार्याधिकारी रहे शशि कुमार को फतेहपुर में एसडीएम बनाया गया है। मथुरा में एसडीएम रहे सुशील कुमार सिंह की तैनाती भी फतेहपुर में एसडीएम के पद पर की गई है।

पीलीभीत में एसडीएम रहे हेमन्त कुमार चौधरी को उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी बनाया गया है। प्राधिकरण में विशेष कार्याधिकारी रहे मांधाता प्रताप सिंह को पीलीभीत में एसडीएम बनाया गया है। इसी तरह पीलीभीत में एसडीएम रहे मयंक गोस्वामी को चकबंदी मुख्यालय, लखनऊ में बंदोबस्त अधिकारी (चकबंदी) बनाया गया है। चकबंदी मुख्यालय में तैनात अजय कुमार को पीलीभीत में एसडीएम की जिम्मेदारी दी गई है।

उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक अमित कुमार-द्वितीय को रायबरेली का अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं, रायबरेली के अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के पद पर स्थानांतरणाधीन अशोक कुमार गुप्ता को उत्तर प्रदेश सहकारी चीनी मिल संघ का प्रधान प्रबंधक बनाया गया है।