मथुरा में 30 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी घोषित, DM ने जारी किए आदेश

​
मथुरा । उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) को सकुशल और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। आगामी परीक्षाओं के दौरान परीक्षार्थियों की सुविधा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंह ने 30 अक्टूबर 2026 (शुक्रवार) को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

​जिला मजिस्ट्रेट चन्द्र प्रकाश सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि PET-2026 की पूर्व परीक्षा 25 अक्टूबर को सफलतापूर्वक संपन्न कराई जा चुकी है। अब आगामी परीक्षाएं 30 अक्टूबर और 01 नवंबर 2026 को आयोजित की जाएंगी।

​मथुरा जनपद में इस परीक्षा के लिए कुल 33 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां प्रत्येक दिवस दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों पर भीड़ की स्थिति को नियंत्रित करने और छात्रों की सुविधा के लिए 30 अक्टूबर को जनपद के विद्यालयों/शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन ने सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और शांतिपूर्ण माहौल में परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।