गुरु नानक नगर अंडरपास में जलभराव पर नगर आयुक्त सख्त, तत्काल निकासी के निर्देश

स्थायी समाधान के लिए नाले की सफाई और ह्यूम पाइप डालने की तैयारी, निर्माण कार्य पूरा होने तक ठेकेदार संभालेगा जल निकासी की जिम्मेदारी

मथुरा। नया बस स्टैंड के पीछे परिक्रमा मार्ग स्थित गुरु नानक नगर रेलवे अंडरपास में जलभराव की समस्या को लेकर नगर निगम प्रशासन सक्रिय हो गया है। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को तत्काल राहत देने के साथ समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अंडरपास में भरे पानी की सक्शन मशीन से निकासी शुरू कराई गई। वहीं, निर्माण कार्य पूरा होने तक पंपिंग सेट लगाकर लगातार पानी निकालने की व्यवस्था करने को कहा गया।

नगर आयुक्त ने रेलवे लाइन के दोनों ओर स्थित गुरु नानक नगर कॉलोनी और नया बस स्टैंड की तरफ के क्षेत्रों का निरीक्षण कर जल निकासी की व्यवस्था परखी। इस दौरान सामने आया कि गुरु नानक नगर कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण कार्य चल रहा है। इसके चलते कॉलोनी की नालियों का पानी रेलवे अंडरपास में जमा हो रहा था जिससे आवागमन प्रभावित होने की आशंका बनी हुई है।

समस्या के तत्काल निस्तारण के लिए नगर आयुक्त ने संबंधित ठेकेदार को पंपिंग सेट लगाकर निरंतर जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क और नाली निर्माण कार्य पूरा होने तक जल निकासी की जिम्मेदारी नियमित रूप से निभाई जाए, ताकि अंडरपास में दोबारा पानी जमा न हो। महाप्रबंधक जलकल को भी जल निकासी की लगातार निगरानी करने और व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान रोडवेज वर्कशॉप के पास जल निकासी की समस्या भी सामने आई। बताया गया कि रेल लाइन के चौड़ीकरण के दौरान रेलवे द्वारा नाला अवरुद्ध किए जाने से पानी की निकासी प्रभावित हो रही है। इस पर नगर आयुक्त ने रोडवेज वर्कशॉप और रेल लाइन के बीच पहले से बने नाले की सफाई कराने तथा जरूरत के अनुसार ह्यूम पाइप डालकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा परिक्रमा मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास के समीप बने नाले की सफाई कराने को भी कहा गया जिससे पानी की निकासी सुचारु बनी रहे और भविष्य में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि केवल तत्काल पानी निकालने तक कार्रवाई सीमित न रखी जाए, बल्कि समस्या के स्थायी समाधान के लिए भी प्रभावी कदम उठाए जाएं। उद्देश्य यह है कि बारिश या नालियों के पानी के कारण अंडरपास में जलभराव न हो और नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक जलकल मोहम्मद अनवर ख्वाजा, अवर अभियंता जलकल गंगासागर, क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक राजकुमार लवानिया, सफाई निरीक्षक विपिन कुमार सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।