आगरा । आगरा कॉलेज, आगरा में शुक्रवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) के संयुक्त तत्वावधान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पूर्ण श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ ध्वजारोहण के साथ हुआ, जिसके पश्चात महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने बापू के विचारों और जीवन दर्शन पर अपने विचार व्यक्त किए। डॉ. भूपेंद्र चिकारा ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं सामाजिक समरसता के सिद्धांतों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को अपने जीवन में उतारने का आह्वान किया। डॉ. अशोक कुमार सिंह ने गांधी जी के जीवन संघर्ष और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के बारे में विस्तार से बताया। वहीं, प्रो. रीता निगम ने विद्यार्थियों को जीवन में लगनशील रहने और स्वच्छता को दैनिक व्यवहार में शामिल करने की सीख दी।
कार्यक्रम में NSS के कार्यक्रम अधिकारियों—डॉ. आनंद प्रताप सिंह, डॉ. सत्यदेव शर्मा, डॉ. अविनाश जैन, डॉ. ललिता सिंह और डॉ. केशव सिंह—की गरिमामयी उपस्थिति रही। NSS स्वयंसेवकों और NCC कैडेट्स ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी के जीवन और स्वाधीनता आंदोलन पर केंद्रित विचार भी प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी शिक्षकों, अधिकारियों व विद्यार्थियों ने गांधी जी के दिखाए मार्ग पर चलने तथा एक स्वच्छ, स्वस्थ और जिम्मेदार समाज के निर्माण में अपना निरंतर योगदान देने का सामूहिक संकल्प लिया।