वृंदावन। धर्मनगरी वृंदावन स्थित प्राचीन श्री राधावल्लभ मंदिर में गोपाष्टमी का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर मंदिर के सेवायत गोस्वामी शोभित लाल महाराज ने पारंपरिक विधि-विधान से गौ-पूजन किया और गौमाता को गुड़ व चना खिलाकर जगत कल्याण की कामना की।

गोपाष्टमी के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में प्रातःकाल से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। उत्सव के अंतर्गत मंदिर में विराजमान गौमाता का पंचामृत से अभिषेक कर उन्हें नवीन वस्त्र, मोरपंख और फूलों की मालाओं से भव्य रूप से सजाया गया। इसके पश्चात सेवायत गोस्वामी शोभित महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के मध्य गौमाता का तिलक कर आरती उतारी। पूजन के उपरांत उन्होंने अपने हाथों से गौमाता को गुड़, चना और हरा चारा खिलाकर सेवा की।
इस दौरान शोभित महाराज ने गोपाष्टमी के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सनातन संस्कृति में गौमाता में तैंतीस कोटि देवी-देवताओं का वास माना गया है। भगवान श्रीकृष्ण ने स्वयं कार्तिक शुक्ल अष्टमी के दिन से गौचारण की लीला प्रारंभ की थी, इसलिए इस दिन गौ-सेवा करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है।
उत्सव के दौरान मंदिर में दर्शन के लिए देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने ठाकुर श्री राधावल्लभ लाल जी के दर्शनों के साथ-साथ गौ-पूजन का पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरा मंदिर प्रांगण ‘राधावल्लभ लाल की जय’ और ‘गौमाता की जय’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। कार्यक्रम के अंत में भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।