‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में युवाओं को मिला करियर और कौशल विकास का नया मार्गदर्शन, आगरा कॉलेज में गूंजा उज्ज्वल भविष्य का संदेश
सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित भव्य सत्र में शिक्षा, रोजगार, सरकारी योजनाओं और रक्षा सेवाओं तक की दी गई विस्तृत जानकारी
आगरा । प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में प्रदेश शासन के निर्देश पर आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत 01 अक्टूबर 2026 को आगरा कॉलेज के गंगाधर शास्त्री भवन में युवाओं के कैरियर मार्गदर्शन हेतु एक भव्य एवं प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य, कैरियर निर्माण, कौशल विकास, रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसरों के साथ-साथ प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया। आगरा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सी.के. गौतम ने मुख्य अतिथि एवं सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ कौशल, नवाचार और व्यावहारिक ज्ञान से जोड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुरूप भविष्य की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि योगेंद्र उपाध्याय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020, तकनीकी विकास, कौशल आधारित शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से बदलते समय के अनुसार स्वयं को तैयार करने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने ODOP (एक जिला एक उत्पाद) जैसी योजनाओं के माध्यम से रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को भी रेखांकित किया। विशेषज्ञ सत्र में प्रोफेसर अरुणोदय वाजपेई ने भारतीय शिक्षा पद्धति और कैरियर निर्माण के महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए समय प्रबंधन, समस्या समाधान, टीमवर्क, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं सतत् सीखने की प्रवृत्ति को सफलता का आधार बताया। केनरा बैंक के मुख्य प्रबंधक श्री सागर गुजराती ने विद्यार्थियों को वित्तीय सशक्तीकरण, शिक्षा ऋण प्रक्रिया, मुद्रा योजना एवं पीएम स्वनिधि योजना सहित स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की।
जिला समाज कल्याण अधिकारी नागेन्द्र पाल सिंह ने अभ्युदय योजना सहित छात्रवृत्ति एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से महिला, दिव्यांगजन एवं अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सहायता योजनाओं की प्रक्रिया से अवगत कराया। कैप्टन (डॉ.) रीता निगम ने भारतीय रक्षा सेवाओं में कैरियर के अवसरों, चयन प्रक्रिया एवं आवश्यक योग्यताओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रसेवा के साथ कैरियर निर्माण के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा कैरियर, शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं योजनाओं से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधानात्मक एवं मार्गदर्शी उत्तर दिया। अंत में प्रोफेसर सुनीता गुप्ता ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों, महाविद्यालय प्रशासन, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रो. पी.वी. झा , डॉ आनंद प्रताप सिंह , लॉ विभाग अध्यक्ष दुर्गा चरण मिश्रा, प्रो. भूपाल सिंह, प्रो. शशिकांत पांडे, प्रो. ए.के. सिंह, प्रो. भूपेंद्र चिकारा, प्रो. विक्रम सिंह, प्रो. रीता निगम, प्रो. अमित अग्रवाल, प्रो. पूनम चांद, प्रो. मृणाल शर्मा, प्रो. विजय कुमार सिंह सहित अनेक शिक्षक एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।