मथुरा में नकली नोटों के बड़े कारोबार का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार, 31 लाख के फर्जी नोट बरामद

मथुरा। थाना रिफाइनरी पुलिस टीम ने अवैध नकली नोटों के कारोबार का खुलासा करते हुए 3 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 31 लाख रुपये के नकली नोट, 32 हजार रुपये असली नकद, एक स्विफ्ट कार, लैपटॉप, मोबाइल फोन और एक अवैध चाकू बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई 01 अक्टूबर 2026 को बरेली हाईवे अंडरपास के पास कोयला अलीपुर की ओर जाने वाले कट पर की गई। गिरफ्तार अभियुक्तों में ब्रजमोहन उर्फ इक्का उर्फ बिरजू निवासी कृष्णा धाम कॉलोनी सदर, लवकुश निवासी गणेशपुरम कॉलोनी सदर (मूल निवासी आगरा) तथा सुनील निवासी कुंवरपुर थाना चंदपा जिला हाथरस शामिल हैं।
मामले में थाना रिफाइनरी पर मु.अ.सं. 307/2026 धारा 3(5)/61(2)/318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से कुल 61 गड्डियां 500 रुपये के नोटों की तथा 8 गड्डियां 100 रुपये के नोटों की बरामद की हैं, जिन्हें “मनोरंजन बैंक” के नोट बताया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्रीमती श्वेता यादव ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया कि यह गिरोह व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों को जाल में फंसाकर ठगी करता था। आरोपियों द्वारा बताया गया कि एक व्यक्ति “लाला” नामक मास्टरमाइंड के जरिए लोग उनसे जुड़ते थे और असली नोटों के बदले कई गुना नकली नोट देने का झांसा दिया जाता था।
पुलिस जांच में यह भी पाया गया कि वादी द्वारा लगाए गए आरोपों में कई विरोधाभास थे और घटनास्थल/दस्तावेजी साक्ष्य भी संदिग्ध पाए गए। इसके बाद पूरे नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों “लाला” और एक अज्ञात साथी की तलाश में दबिश दे रही है। पत्रकार वार्ता में पुलिस उपाधीक्षक (रिफाईनरी) प्रवीण तिवारी आदि मौजूद रहे।