आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर हुई चोरी की घटनाओं का बड़ा खुलासा: 25 लाख के आभूषणों संग 2 शातिर गिरफ्तार

लग्जरी लाइफ के लिए करते थे वारदात

मथुरा। आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर हुई चोरी की घटनाओं का जीआरपी ने सफल अनावरण करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों को दबोच लिया, जिनके कब्जे से करीब 25 लाख रुपये कीमत के सोने व पीली धातु के आभूषण बरामद हुए हैं।
बरामद सामान में चार जोड़ी चूड़ियां, मंगलसूत्र, हार, दो बड़े कानों के आभूषण, तीन अंगूठियां, एक जोड़ी झुमकी और चेन शामिल हैं। जीआरपी की इस कार्रवाई से कई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
क्षेत्राधिकारी जीआरपी आगरा राजेश दीक्षित के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पुनीत और आकाश के रूप में हुई है। दोनों शातिर तरीके से रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को निशाना बनाते थे। पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि एक आरोपी पुनीत नीट परीक्षा पास कर चुका है, लेकिन लग्जरी जीवनशैली की चाह में अपराध की राह पर चल पड़ा।
मुख्य आरोपी पुनीत चोरी से मिले पैसों से अपनी गर्लफ्रेंड की जरूरतें पूरी करता था। बताया गया कि गर्लफ्रेंड को कैंसर होने पर उसके इलाज में करीब 80 लाख रुपये खर्च कर चुका है। पुनीत का परिवार भी शिक्षित व प्रतिष्ठित है—उसका भाई एयरफोर्स में, बहन डॉक्टर और पिता सेना से सेवानिवृत्त हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि पुनीत लखनऊ में हुक्का पार्लर चलाता था जिसे लॉकडाउन के बाद बंद करना पड़ा। इसके बाद उसने चोरी की वारदातों को अंजाम देना शुरू कर दिया। वह चोरी के साथ-साथ नीट की तैयारी भी करता रहा।
आरोपी काफी शातिर हैं और जिस जिले में वारदात करते थे, वहां दोबारा चोरी नहीं करते थे, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सकें। मुख्य आरोपी पुनीत के खिलाफ पहले से 27 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
जीआरपी अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और अन्य घटनाओं के खुलासे की भी संभावना है। पुलिस की इस कार्रवाई से यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।