कृष्णापुरी में शुरू हुआ नया पेट्रोल पंप: सांसद हेमा मालिनी और तेजवीर सिंह ने किया उद्घाटन
पहले दिन ऑफर के चलते उमड़ी वाहनों की भीड़
मथुरा। महानगर के कृष्णापुरी चौराहे पर शुक्रवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन द्वारा संचालित उमा शंकर फ्यूल पंप का विधिवत शुभारंभ हुआ। सांसद हेमा मालिनी और सांसद तेजवीर सिंह ने नारियल फोड़कर पेट्रोल पंप का उद्घाटन किया। उद्घाटन के साथ ही क्षेत्र के वाहन स्वामियों को बड़ी सुविधा मिल गई है।
इस मौके पर सांसद हेमा मालिनी ने कहा कि कृष्णापुरी और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से पेट्रोल पंप की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। नए पेट्रोल पंप के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को अब पेट्रोल और डीजल के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे वाहन स्वामियों को अपने घर के नजदीक ही पेट्रोलियम उत्पाद उपलब्ध हो सकेंगे।
उद्घाटन के पहले दिन पेट्रोल पंप स्वामी भाजपा नेता संजय गोविल की ओर से वाहन चालकों के लिए विशेष ऑफर भी घोषित किया गया। इसके तहत शुरुआती दो घंटे में 100 रुपये का पेट्रोल लेने वाले वाहन चालकों को 50 रुपये का पेट्रोल मुफ्त दिया गया। ऑफर की जानकारी मिलते ही पेट्रोल पंप पर वाहन चालकों की लंबी कतारें लग गईं। लोगों में ऑफर को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।
उद्घाटन समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों के साथ शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। नए पेट्रोल पंप के शुरू होने से कृष्णापुरी चौराहे और आसपास के क्षेत्रों के वाहन स्वामियों को अब पेट्रोल और डीजल के लिए दूसरे क्षेत्रों का रुख नहीं करना पड़ेगा।