कोसी में हुई चोरी का सनसनीखेज पर्दाफाश: 7.126 किलो सोना और 11 लाख नकदी संग 2 महिलाओं समेत 4 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस पार्टी को एक लाख रु का इनाम देने की घोषणा

​कोसीकलां के प्रसिद्ध जुगल किशोर ज्वेलर्स में हुई थी 12 करोड़ की भीषण चोरी
​डीआईजी आगरा और एसएसपी मथुरा की निगरानी में एसओजी, सर्विलांस व पुलिस टीम को मिली सफलता
​सीसीटीवी और सर्विलांस के जरिए 24 घंटे में बेनकाब हुआ शातिर गिरोह

​मथुरा (कोसीकलां)। जनपद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त रूप से एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना कोसीकलां क्षेत्र के प्रसिद्ध जुगल किशोर ज्वेलर्स में हुई लगभग 12 करोड़ रुपये की चोरी का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने गोपालबाग क्षेत्र से घेराबंदी कर मुख्य अभियुक्तों सहित कुल चार लोगों (दो पुरुष व दो महिलाएं) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर 7 किलो 126 ग्राम सोना तथा 11 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस पार्टी को एक लाख रु का इनाम देने की घोषणा की गयी है।

​13 सितंबर की रात चोरों ने ज्वेलर्स के शोरूम को निशाना बनाकर करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी आगरा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं पूरे मामले की कमान संभाली और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
​तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने मंगलवार 15 सितंबर की दोपहर करीब 12:59 बजे गोपालबाग क्षेत्र से रामनगर (कोसीकलां) निवासी मुख्य आरोपी विष्णु उर्फ पप्पू सोनी और उसके भाई मोहन सोनी को दो महिला सहयोगियों के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस महानिदेशक एस के भगत ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है, जिससे जनपद व आसपास के क्षेत्रों में हुई अन्य चोरी की वारदातों के भी खुलासे की संभावना जताई जा रही है। पुलिस की इस त्वरित व प्रभावी कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है, वहीं आपराधिक तत्वों में हड़कंप व्याप्त है।

पुराना नौकर ने ही लगाई दुकान में सेंध
एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विष्णु उर्फ पप्पू दुकान का पुराना कर्मचारी था जिसको चोरी करने के कारण कुछ समय पूर्व नौकरी से निकाल दिया गया था। इसको सब राज मालूम थे। ये ही चोरी की घटना का मुख्य सरगना रहा। ये चोरी का सामान अपने घर मोहल्ला रामनगर कोसी ले गया। वहां पर इसके भाई मोहन और मां बहन ने पूरे सामान की अलग अलग थैली बनाई। गोपाल बाग में जाकर छिपा दिया। विष्णु की शेरगढ़ रोड पर सराफ की दुकान है। यह सामान वंहा बेचने की योजना था। सामान बाग में इसलिए छिपा दिया कि पुलिस घर की तलाशी लेगी तो माल नहीं मिलेगा।

इस दौरान डीआईजी शैलेश पांडेय, एसएसपी श्लोक कुमार, एस पी देहात सुरेश चंद रावत मौजूद रहे।