मथुरा में जेई पर कार चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश करने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार

​​मथुरा। महानगर के थाना गोविंद नगर क्षेत्र अंतर्गत 31 अगस्त को जे ई विक्रांत भारती को कार से कुचलकर जान से मारने का दुस्साहस करने वाले मुख्य अभियुक्त दीपक शर्मा को पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रशासन ने मामले को बेहद गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ कठोर कानूनी शिकंजा कस दिया है।

​मामले की जानकारी देते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित विक्रांत भारती पर कार से जानलेवा हमला करने के संबंध में थाना गोविंद नगर में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) (अटेंप्ट टू मर्डर / जानलेवा हमला) के तहत आपराधिक मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
​एसपी सिटी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त दीपक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को रिमांड हेतु न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने स्पष्ट किया कि इस तरह के दुस्साहसिक और संगीन आपराधिक कृत्य को अंजाम देने वाले आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जल्द से जल्द साक्ष्य संकलन पूर्ण कर अदालत में चार्जशीट (आरोप पत्र) दाखिल करेगी। साथ ही, इस केस को विशेष रूप से ‘केसेज ऑफ मॉनिटरिंग’ की सूची में शामिल किया जा रहा है ताकि फास्ट-ट्रैक पैरवी के माध्यम से अभियुक्त दीपक शर्मा को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।