जन्माष्टमी से पहले योगी सरकार का श्रद्धालुओं को बड़ा उपहार: लखनऊ से शुरू होगा ‘कृष्ण लीला टूर’, ₹10,150 में कीजिए ब्रज धाम के दर्शन
लखनऊ (विशेष संवाददाता) । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व से पहले उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने श्रद्धालुओं को ब्रज धाम की आध्यात्मिक यात्रा का विशेष तोहफा दिया है। राज्य पर्यटन विकास निगम ने ‘विज़िट माय स्टेट यूपी’ अभियान के तहत 3 दिन और 2 रात का विशेष ‘कृष्ण लीला टूर पैकेज’ लॉन्च किया है।
लखनऊ से सुबह 8 बजे शुरू होने वाली इस सुविधाजनक यात्रा के ज़रिए श्रद्धालुओं को मथुरा, वृंदावन, गोकुल और बरसाना समेत भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े सभी प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे।
टूर पैकेज की मुख्य विशेषताएं
प्रारंभिक बिंदु: लखनऊ (सुबह 8:00 बजे)
यात्रा अवधि: 3 दिन / 2 रात (न्यूनतम 2 यात्री अनिवार्य)
शामिल सुविधाएं: होटल में ठहराव, नाश्ता, जलपान, हाई-टी, टूर गाइड और लोकल साइटसीइंग (दोपहर व रात का भोजन यात्रियों को स्वयं करना होगा)।
वाहनों के अनुसार प्रति व्यक्ति शुल्क।
पहला दिन (वृंदावन दर्शन):
लखनऊ से रवानगी के बाद श्रद्धालु वृंदावन पहुंचकर बांके बिहारी मंदिर, रंगजी मंदिर, निधिवन, वैष्णो देवी मंदिर, अक्षय पात्र मंदिर और भव्य प्रेम मंदिर के दर्शन करेंगे।
दूसरा दिन (मथुरा व गोकुल):
यात्रा के दूसरे दिन
श्रीकृष्ण जन्मभूमि, द्वारकाधीश मंदिर, विश्राम घाट, भूतेश्वर महादेव मंदिर, गोवर्धन धाम संग्रहालय, गीता मंदिर, पोतरा कुंड और गोकुल गांव का भ्रमण कराया जाएगा।
तीसरा दिन (बरसाना व लखनऊ वापसी):
अंतिम दिन श्रद्धालु बरसाना में श्री राधारानी मंदिर, इस्कॉन मंदिर और श्री राधा दामोदर मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे, जिसके बाद वापस लखनऊ के लिए प्रस्थान होगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह पहल कृष्ण ब्रज सर्किट को और अधिक मजबूत करेगी। उन्होंने बताया कि ब्रज क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही है—साल 2025 में मथुरा में 10.24 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे, वहीं वर्ष 2026 के शुरुआती 3 महीनों में ही करीब 1.90 करोड़ पर्यटक ब्रज दर्शन कर चुके हैं। UPSTDC के अध्यक्ष अमृत अभिजात के अनुसार यह पैकेज श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और विश्वस्तरीय अनुभव को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।