यूपी पुलिस में बड़ा फेरबदल: 28 IPS अफसरों के तबादले, प्रयागराज-वाराणसी और नोएडा-गाजियाबाद के कमिश्नर बदले
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शासन ने शुक्रवार को पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस सूची में पुलिस कमिश्नर, एडीजी, डीआईजी और कई जिलों के कप्तान शामिल हैं। सबसे अहम बदलाव प्रदेश की प्रमुख कमिश्नरेट प्रणालियों में देखने को मिला है। सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।


शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, वाराणसी के पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल को अब प्रयागराज का नया पुलिस आयुक्त बनाया गया है। वहीं, प्रयागराज के पुलिस आयुक्त रहे पीयूष मोर्डिया को लखनऊ मुख्यालय भेजते हुए अपर पुलिस महानिदेशक (स्थापना) के पद पर तैनात किया गया है। लखनऊ परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा, एनसीआर के दो प्रमुख जिलों गौतमबुद्धनगर (नोएडा) और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नरों की आपस में अदला-बदली की गई है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस आयुक्त बनाया गया है, जबकि गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे. रविन्द्र गौड़ को गौतमबुद्धनगर की कमान सौंपी गई है।
बरेली जोन के अपर पुलिस महानिदेशक रमित शर्मा को लखनऊ जोन का नया एडीजी बनाया गया है, जबकि लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन भेजा गया है। अलीगढ़ के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) प्रभाकर चौधरी को लखनऊ परिक्षेत्र का डीआईजी बनाया गया है। सहारनपुर के डीआईजी अभिषेक सिंह को आगरा परिक्षेत्र, आगरा के डीआईजी शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ परिक्षेत्र और तकनीकी सेवाएं में तैनात आशीष तिवारी को सहारनपुर परिक्षेत्र का डीआईजी नियुक्त किया गया है।
जिलों के पुलिस कप्तानों में अयोध्या और मुरादाबाद के एसएसपी की अदला-बदली चर्चा में है। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का नया एसएसपी बनाया गया है, वहीं मुरादाबाद के एसएसपी सतपाल को अयोध्या की कमान दी गई है।
कमिश्नरेट में डीसीपी स्तर पर भी बदलाव हुए हैं। कानपुर नगर के पुलिस उपायुक्त दिनेश त्रिपाठी को प्रयागराज और प्रयागराज के पुलिस उपायुक्त कुलदीप सिंह गुनावत को कानपुर नगर भेजा गया है। गौतमबुद्धनगर की पुलिस उपायुक्त प्रीति यादव को 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा का सेनानायक बनाया गया है। इसके अतिरिक्त पीएसी, पीटीएस, ईओडब्ल्यू, कारागार प्रशासन, अभिसूचना और पॉवर कॉर्पोरेशन समेत कई अन्य इकाइयों में तैनात पुलिस अधीक्षकों को भी नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, जबकि कुछ अधिकारियों के पूर्व में हुए तबादले निरस्त कर उन्हें लखनऊ, गाजियाबाद और आगरा में नई तैनाती दी गई है।