ई-रिक्शा चालकों संग ‘संवाद अधिवेशन’ की तैयारियां तेज: नगर आयुक्त ओजस्वी ने लिया तैयारियों का जायजा

​”हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है”: 13 अगस्त को ई-रिक्शा चालकों को मिलेगा स्वच्छता और देशभक्ति का पाठ
​ई-रिक्शा में लगेंगे डस्टबिन और फहराएगा तिरंगा: ब्रज की छवि चमकाने के लिए नगर निगम की अनूठी पहल


​मथुरा। आगामी 13 अगस्त को पानीगांव रोड स्थित नवीन अनाज मंडी में आयोजित होने वाले “ई-रिक्शा चालकों के साथ जन-जागरूकता एवं संवाद अधिवेशन” की तैयारियों को लेकर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने सोमवार को कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।
​निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने अधिकारियों को मंच, रेड कार्पेट, होर्डिंग, एलईडी स्क्रीन, बैठक व्यवस्था, ई-रिक्शा पार्किंग, तथा प्रवेश व निकास द्वार का सुव्यवस्थित लेआउट तैयार कर काम समय से पूरा करने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए प्रतिभागियों के लिए पर्याप्त कुर्सियां, कूलर, पंखे और शीतल पेयजल के समुचित इंतजाम करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

​उन्होंने बताया कि अधिवेशन का मुख्य उद्देश्य ई-रिक्शा चालकों को स्वच्छता, सुरक्षित यातायात और श्रद्धालुओं-पर्यटकों के साथ सम्मानजनक व्यवहार के प्रति जागरूक करना है। नगर निगम द्वारा ई-रिक्शाओं में डस्टबिन लगाए जाएंगे, ताकि यात्री और आमजन सड़कों पर कचरा फेंकने के बजाय डस्टबिन का उपयोग करें। ई-रिक्शाओं पर “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” लिखे संदेश की प्लेटें लगाई जाएंगी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत ई-रिक्शाओं पर राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) भी फहराया जाएगा, जो नागरिक जिम्मेदारी और देशभक्ति का संदेश देगा।
​निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह, पार्षद गुलवीर सिंह, क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी महेश चंद्र सहित नगर निगम के कई अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।