मथुरा। मथुरा-वृंदावन आने वाले श्रद्धालुओं एवं भक्तजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा विश्राम घाट पर 20 केवीए क्षमता का जनरेटर स्थापित किया गया है। इस जनरेटर का लोकार्पण 09 जून मंगलवार को महापौर विनोद अग्रवाल द्वारा विधिवत रूप से किया गया।
लोकार्पण के अवसर पर महापौर ने कहा कि नगर निगम तीर्थयात्रियों एवं स्थानीय नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। विश्राम घाट धार्मिक एवं सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण स्थल है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए पहुंचते हैं।
स्थापित जनरेटर के माध्यम से अब घाट एवं उसके आसपास के क्षेत्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति और बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में भी पूरा घाट क्षेत्र प्रकाशमान रहेगा जिससे श्रद्धालुओं, भक्तजनों एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इस पहल से विशेष रूप से रात्रिकालीन समय में सुरक्षा और आवागमन अधिक सुगम होगा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने स्पष्ट किया कि जनसुविधाओं के सुदृढ़ीकरण एवं धार्मिक स्थलों के समुचित विकास के लिए ऐसे जनहितकारी कार्य भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.