मथुरा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार द्वारा चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई से जनपद के लापरवाह पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया है।
जनपद मथुरा में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखने और पुलिस की छवि को स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा द्वारा पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही, शिथिलता और अनुशासनहीनता बरतने के कारण 03 उपनिरीक्षकों को निलंबित व 01 उपनिरीक्षक को लाइन हाजिर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना राया पर नियुक्त उपनिरीक्षक वीरेन्द्र सिंह को उत्कोच (रिश्वत) की शिकायत मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए प्रारंभिक रूप से दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया।
थाना रिफाइनरी पर तैनात उपनिरीक्षक लोकेन्द्र सिंह को दो समुदायों के बीच हुए झगड़े के प्रकरण को गंभीरता से न लेने के कारण निलंबित किया गया।
थाना गोवर्धन पर नियुक्त उपनिरीक्षक रजत दुबे को विवेचना निस्तारण में लापरवाही बरतने के कारण निलंबित किया गया।
वहीं थाना वृंदावन क्षेत्र में रंगजी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक देवेन्द्र सिंह को जनपद में चिन्हित माफियाओं की निगरानी सही ढंग से न करने के आधार पर लाइन हाजिर किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस कर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।