यूपी में पुलिस महकमे में बड़ा धमाका: 200 डीएसपी के तबादले , मथुरा के कई अफसर भी हिले
मथुरा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए शासन ने एक साथ 200 से अधिक पुलिस उपाधीक्षकों (डीएसपी) के तबादले कर दिए हैं। इस व्यापक फेरबदल में मथुरा में तैनात कई अधिकारियों का भी तबादला किया गया है, जिससे जिले में पुलिस व्यवस्था में अहम बदलाव देखने को मिलेगा।
मथुरा से जुड़े तबादलों में प्रवीण कुमार तिवारी को फिरोजाबाद से मथुरा भेजा गया है। वहीं मथुरा में तैनात अनिल कुमार कर्वान और आशीष शर्मा को एटीएस लखनऊ में तैनाती दी गई है। इसके अलावा श्वेता वर्मा को मथुरा से हटाकर आगरा कमिश्नरेट भेजा गया है।
शासन द्वारा जारी सूची के अनुसार प्रदेश भर में बड़े स्तर पर अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। कई डीएसपी को जनपदों से हटाकर पीएसी, एटीएस, सीआईडी और विभिन्न कमिश्नरेट में भेजा गया है, जबकि कई अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस कदम को कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा प्रशासनिक कसावट लाने के रूप में देखा जा रहा है।
तबादला सूची में प्रमुख रूप से अशोक कुमार मिश्रा, अभिषेक सिंह, अजय कुमार, पंकज पंत, उदय प्रताप सिंह, दीपक कुमार सिंह, मनीष कुमार यादव, अमित कुमार पांडेय, संजीव कुमार शर्मा, महिपाल सिंह, अवनीश कुमार सिंह, रवीन्द्र कुमार सिंह, संदीप कुमार वर्मा, संतोष कुमार सिंह, हेमंत उपाध्याय, विनोद कुमार, अंशुमान श्रीवास्तव, अजय विक्रम सिंह, आशीष निगम, राजीव कुमार यादव, विजय कुमार चौधरी सहित सैकड़ों अधिकारियों के नाम शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार यह तबादले प्रशासनिक जरूरतों, कार्यक्षमता और कानून-व्यवस्था की समीक्षा के आधार पर किए गए हैं। आगामी दिनों में नई तैनाती के बाद जिलों में पुलिसिंग के तरीके में बदलाव देखने को मिल सकता है।
यह तबादला सूची प्रदेश की पुलिस व्यवस्था में बड़े बदलाव का संकेत मानी जा रही है।