Lok Sabha Election 2024 : सपा कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी मुकेश धनगर की पहली प्राथमिकता होगी यमुना को निर्मल बनवाना
मथुरा । मथुरा लोकसभा सीट से सपा कांग्रेस गठबंधन प्रत्याशी मुकेश धनगर ने कहा कि विजयी होने पर उनका पहला काम यमुना को निर्मल बनवाना होगा। उन्होंने कहा कि इस मामले को वे लगातार संसद में उठाएंगे तथा कुछ भी नही होने पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को अपनाते हुए धरना या आंदोलन करेंगे । उनका कहना था िक वे तब तक शांत होकर नही बैठेंगे जब तक यमुना के निर्मल होने का काम पूरा नही हो जाता।
उन्होंने इस धारणा को गलत बताया कि केन्द्र में भाजपा सरकार ही बनेगी। उनका कहना था कि यदि चुनाव निष्पक्ष होता है तो कोई दल चुनाव के पहले 400 पार की बात नही करता। निर्णय तो जनता को करना होता हैं ईडी और सीबीआई के डर से भले ही लोग खुलकर न आ रहे हों किंतु लोगों में भाजपा सरकार के खिलाफ जबर्दस्त आक्रोश है। मंहगाई और बेरेाजगारी ऐसे दो मुद्दे है जिससे हर परिवार संबंधित है। मंहगाई ने गरीब की थाली से दाल और सब्जी गायब कर दी है। दाल वह कभी खा भी लेता है पर सब्जी तो उसे त्योहारों पर ही मिलती है। बेरोजगारी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।
उन्होंने दावा किया कि केन्द्र में इस बार गठबंधन की ही सरकार बन रही है। उत्तर भारत में भी लोग परेशान हैं किंतु दक्षिण भारत में भाजपा को सूपड़ा एक बार यदि साफ हो जाय तो आश्चर्य न होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुफ्त राशन देकर सरकार गरीबों को हमेशा गरीब ही बनाये रखना चाह रही है । यदि इसकी जगह इन गरीबों को बैंक से ब्याज रहित कर्ज दिलाकर डेरी या अन्य कोई रोजगार शुरू करा दिया जाता तो यह वर्ग आत्म निर्भर बन जाता।यही हाल गैस के सिलिन्डर का है चुनाव के समय सुविधा देकर या इसे सस्ता कर देने से साल भर का खाना सिलिन्डर पर नही बन पाता।
उनका कहना था कि “सांसद ऐसा चाहिए जो जनता को हर समय आसानी से उपलब्ध हो और जनता उससे अपनी परेशानी को कह सके । उनका यह भी दावा है कि लोग इसलिए भी उन्हें वोट देंगे कि यह युवा है और यदि इसे सांसद बनाएंगे तो लम्बी दौड़ लगाएगा । यही नही मैं गांव गांव जाकर लोगों की समस्याओं की जानकारी ले रहा हूं तथा निर्वाचित होने पर उनके निराकरण कराने में कोई कोर कसर नही होगी।इसके बाद मैं क्षेत्र की समस्याओं को लूंगा। मै कोई बड़ा वायदा नही करूंगा तथा वही वायदा करूंगा जिसे मैं पूरा कर सकूं।’’
उन्होंने कहा कि सुशासन के बल पर ही कांग्रेस ने देश में लम्बे समय तक शासन किया और केन्द्र में सरकार बनने पर सुशासन का नमूना पेश किया जाएगा।इति