मथुरा। यशवंतपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पहियों से अचानक धुआं उठने पर गुरुवार सुबह मथुरा जंक्शन पर अफरा तफरी मच गई। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को थ्रो लाइन पर रुकवाया गया जिससे बड़ा हादसा टल गया।
रेलवे अधिकारियों को सुबह करीब सवा 10 बजे पहियों से धुआं निकलने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही तकनीकी टीम और अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल जांच शुरू की गई। जांच में सामने आया कि कोच बी 1 और बीई 1 के पहियों में लगे लेदर लाइनर के सुलगने से धुआं उठ रहा था।
धुआं देखते ही कई यात्री घबराकर कोच से बाहर निकल आए जिससे कुछ देर के लिए स्टेशन पर अफरा तफरी का माहौल बन गया। जीआरपी थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह के अनुसार समय रहते ट्रेन को रोक लिया गया जिससे किसी बड़े हादसे को टाल दिया गया।
रेलवे की तकनीकी टीम ने पहियों में लगे लेदर को ढीला कर स्थिति को नियंत्रित किया। करीब 45 मिनट तक चली जांच और मरम्मत के बाद ट्रेन को सुबह 11 बजे सुरक्षित रवाना कर दिया गया।