मथुरा । पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व अध्यक्ष मोहसिना किदवई के 94 वर्ष की आयु में निधन पर मथुरा के सेठवाड़ा स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में शोक सभा आयोजित कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि मोहसिना किदवई ने उत्तर प्रदेश से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत कर देश की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान बनाया। वह लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों की सदस्य रहीं और वर्ष 1960 में उत्तर प्रदेश विधान परिषद की सदस्य रहते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति हरिजन एवं समाज कल्याण तथा लघु उद्योग जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली।
उन्होंने केंद्र सरकार में श्रम एवं पुनर्वास राज्यमंत्री स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार भी संभाला। राजीव गांधी सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास जैसे अहम मंत्रालयों का नेतृत्व किया। मोहसिना किदवई वर्ष 1976 से 1980 तक उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रहीं और वर्ष 1982 में पुनः इस पद पर निर्वाचित हुईं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए अमेरिका ब्रिटेन रूस जर्मनी केन्या और यूएई जैसे देशों में देश की भूमिका को मजबूती से प्रस्तुत किया । शोक सभा में वक्ताओं ने कहा कि उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और राजनीतिक योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
कार्यक्रम का संचालन जिला महासचिव वैद्य मनोज गौड़ ने किया। इस अवसर पर शहीद कुरैशी महेश चौबे करन निषाद अशोक निषाद अर्पित जादौन बलवीर सिंह मनीष चौधरी मोहित चौधरी रवि उपाध्याय मोनू निषाद विक्रम बाल्मीकि रमेश कश्यप आशीष अग्रवाल रवि वाल्मीकि हाशिम हुमेर शैलेंद्र चौधरी विवेक कुमार सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।