मथुरा । जनपद में आपातकालीन पुलिस सेवा को और तेज बनाने के लिए यूपी-112 के द्वितीय चरण के तहत 16 नई दोपहिया पीआरवी (पल्सर) वाहनों को फ्लीट में शामिल किया गया। इन वाहनों को पुलिस लाइन से अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल-112 सुरेश चंद्र रावत द्वारा हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
अब तक जनपद में 66 चारपहिया और 21 दोपहिया पीआरवी संचालित हो रही थीं, जिनकी कुल संख्या 87 थी। नई 16 दोपहिया पीआरवी जुड़ने के बाद यह संख्या बढ़कर 103 हो गई है। पुलिस के अनुसार, वर्तमान में पीड़ित द्वारा कॉल करने पर औसतन 5.11 मिनट में पीआरवी मौके पर पहुंच रही है, और नए वाहनों के जुड़ने से यह समय और घटेगा।
सभी नई पीआरवी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिनमें जीपीएस, कैमरा, एमडीटी मोबाइल फोन, प्राथमिक उपचार किट, रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च, पानी की बोतल और घटनास्थल को सुरक्षित रखने के लिए प्राथमिक फॉरेंसिक उपकरण शामिल हैं।
इस मौके पर यूपी-112 प्रभारी देवपाल सिंह पुंडीर और एसआईएमटी नीतू सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इन थाना क्षेत्रों को मिली नई पीआरवी: नौहझील (2), गोविन्दनगर (1), गोवर्धन (2), राया (1), बल्देव (1), छाता (2), मांट (1), मगोर्रा (1), शेरगढ़ (1), सुरीर (1), रिफाइनरी (1), महावन (1) और जैत (1)।
मुख्यालय लखनऊ से प्राप्त इन नए वाहनों के बाद अब जनपद में कुल 66 चारपहिया और 37 दोपहिया पीआरवी के जरिए पुलिस सेवा और अपराध नियंत्रण को और मजबूत किया गया है।