मथुरा में 84 कोस परिक्रमा मार्ग पर भंडारे को लेकर खूनी संघर्ष, जमकर चलीं गोलियां; आधा दर्जन लोग घायल
मथुरा । थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले महोली गांव में वीरवार को दो पक्षों के बीच पुराना विवाद एक बार फिर खड़क उठा। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि सरेआम फायरिंग शुरू हो गई। इस गोलीबारी की घटना में छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और भारी पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनके पास से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं।
मोटरसाइकिल टकराने और भंडारे की होड़ में भड़की हिंसा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों पक्षों के बीच पहले से ही काफी तनाव चल रहा था। बीते कल यानी बुधवार को दोनों पक्षों के बीच मोटरसाइकिल टकराने को लेकर विवाद हुआ था। इसके साथ ही गांव में कौन भंडारा लगाएगा, इस बात की प्रतिस्पर्धा को लेकर भी दोनों पक्षों में ठन गई थी। यही मामूली विवाद वीरवार को एक बड़े खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया और दोनों ओर से जमकर गोलियां चलीं।
पुलिस के अनुसार घटना स्थल और उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज व अन्य वीडियो साक्ष्य जुटा लिए गए हैं। फुटेज में फायरिंग करने वाले उपद्रवी साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। इन्हीं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने छह लोगों को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया है, जिनसे गहनता से पूछताछ की जा रही है। मौके से कुछ अवैध असलहे (हथियार) भी बरामद हुए हैं।
एसएसपी ने साफ किया है कि इस मामले में पुलिस की ओर से बेहद गंभीर और कड़ी धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है। सभी दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी जो एक नजीर बने। इसके साथ ही पुलिस कप्तान ने इस मामले में पुलिसिया लापरवाही की जांच के भी आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ”इस बात की विस्तृत जांच की जा रही है कि कल हुए शुरुआती झगड़े के बाद पुलिस को क्या सूचना दी गई थी और उस पर संबंधित थाने द्वारा क्या कार्रवाई की गई? यदि इस मामले में किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही या दोष पाया जाता है तो उसके विरुद्ध भी सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
फिलहाल घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए बल तैनात है। घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगा दी गई हैं, और दावा किया जा रहा है कि जल्द ही शेष सभी आरोपियों को भी सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।