मथुरा में ताला तोड़ गैंग का पर्दाफाश: 2 शातिर चोर गिरफ्तार, 95 हजार नकद समेत जेवरात बरामद

मथुरा। थाना कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए घरों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपियों के कब्जे से नगदी सहित सोने-चांदी के आभूषण और धार्मिक सामग्री बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 23 मई 2026 को रात्रि 01:13 बजे मुखबिर की सूचना पर माल गोदाम रोड के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गुड्डू उर्फ छोटू (31 वर्ष) निवासी बैकुंठ विहार कॉलोनी एवं रवि सिंह (25 वर्ष) निवासी महाराज गार्डन, थाना हाईवे क्षेत्र के रूप में हुई है।
अभियुक्तों के पास से 95,000 रुपये नकद 01 काली धातु का मुकुट 01 सफेद धातु की राधा-कृष्ण मूर्ति 04 जोड़ी पायल (चांदी) 04 अंगूठी (पीली धातु)
01 चैन (पीली धातु) 06 सफेद धातु के सिक्के बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर अतिरिक्त धाराएं बढ़ाते हुए आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मुख्य आरोपी गुड्डू उर्फ छोटू का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है। उसके खिलाफ पहले से चोरी व गैंगस्टर एक्ट सहित कई मुकदमे दर्ज हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि वह पेशेवर अपराधी है।
इस कार्रवाई में थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद बाबू मिश्रा एवं स्वाट टीम प्रभारी अजय वर्मा सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक सक्रिय चोरी गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। इससे क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।