श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर निगम ने की खान पान सफाई दवा उपचार रेन बसेरा की व्यवस्था

मंगला आरती का स्थान स्थान पर होगा लाइव प्रसारण

वृंदावन। स्थानीय पर्यटक सुविधा केन्द्र के मीटिंग हॉल में श्री कृष्ण जन्माष्टमी की व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त अनुनय झा ने निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिशा-निर्देश जारी करते हुए कहा कि तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव अंतर्गत 06, 07 व 08 सितम्बर को आने वाले श्रृद्धालुओं की सुविधार्थ व्यापक स्तर पर विशेष सफाई अभियान चलाते हुये 24 घंटे की सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाये जिनमें मुख्य रूप से कान्हा गौशाला से पागल बाबा होते हुये प्रेम मन्दिर तक एवं छटीकरा मोड़ से विद्यापीठ चौराहा तक तथा रमणरेती पुलिस चौकी से केशी घाट तक एवं सम्पूर्ण परिक्रमा मार्ग तथा सप्त देवालयों के आस-पास अतिरिक्त सफाई कर्मी निरंतर चूना छिड़काव तथा मुख्य मार्गो पर रोड स्वीपिंग मशीन चलायी जाये। नाले नालियों की अभी से तली झाड़ सफाई कराते हुये तत्काल सिल्ट उठाई जाये। श्रृद्धालुओं के आवागमन मार्ग पर तथा पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त मात्रा में जगह-जगह पीने के पानी के टैंकर खड़े कराये जाये तथा उनपर शुद्ध पीने का पानी के फ्लैक्स लगाये जाये। इसके अतिरिक्त आवश्यक स्थानों पर मोबाइल टॉयलेट खड़े किये जाये। मोबाइल टॉयलेट पर साफ सफाई की व्यवस्था हेतु 02-02 सफाई कर्मी शिफ्ट वाईज ड्यूटी रहेगी। इसके अलावा श्रृद्धालुओं के विश्राम हेतु वृन्दावन-जोन में स्थित अटल्ला चुंगी एवं परशुराम रैन बसेरा संचालित कराया जाये।
बैठक में निगम अधिकारियों को बताया गया कि रमणरेती पुलिस चौकी से चीर घाट तक विशेष विद्युत सजावट की व्यवस्था के साथ-साथ घाटों पर विशेष लाईटिंग की व्यवस्था तथा नगर के मुख्य मार्गो पर विद्युत सजावट के साथ-साथ स्वागत द्वार भी बनवाये जाये। 7 सितम्बर को नगर निगम मथुरा-वृन्दावन द्वारा संचालित कान्हा आश्रय गौशाला वृन्दावन में आयोजित गौ पूजन कार्यक्रम आयोजन में जनप्रतिनिधि, संत एवं विशेष लोगों मौजूद रहेंगे।
सात्यिक पार्किंग कालीदह पर नगर निगम का दिनांक 06 व 07 सित. को कैम्प कार्यालय बनाया जाये तथा श्रृद्धालुओं की सुविधा हेतु भण्डारे की व्यवस्था की गई है । इसके अतिरिक्त इसी स्थान पर सांय 07 बजे से प्रातः 03 बजे तक अस्थाई डिसपेन्सरी की व्यवस्था पर्याप्त दवाओं के साथ योग्य चिकित्सक की तैनाती की गयी है । नगर निगम द्वारा पूर्व की भॉति पागल बाबा रोड पर भी टैण्ट लगाकर भण्डारे की व्यवस्था रहेगी ।
छटीकरा से विद्यापीठ चौराहा, कान्हा गौशाला से पागल बाबा होते हुये रमणरेती पुलिस चौकी एवं रमणरेती पुलिस चौकी से केशीघाट तक अभी से अतिक्रमण हटाओं अभियान प्रवर्तन दल, पुलिस बल का सहयोग प्राप्त कर चलाया जाये किसी भी दशा में कोई भी ठेला, ढकेल खोखा आदि उक्त मार्ग पर मौजूद न रहें। ठा. श्री बॉके बिहारी जी की प्रातः होने वाली मंगला आरती के सुलभ दर्शन हेतु मथुरा-वृन्दावन विकास प्राधिकरण एवं मन्दिर प्रबन्धन से समन्वय स्थापित करते हुये विद्यापीठ चौराहा, जुगलघाट, हरिनिकुन्ज तिराहा, स्नेह बिहारी मन्दिर, जादौन पार्किंग, रमणरेती पुलिस चौकी एवं कालीदह पार्किंग पर एल.ई.डी. स्क्रीन लगवायी जाये।
हरियाली तीज की भॉति जूता घरों पर ही लोग जूता उतारे इसी आशय की मुनादी लाउड स्पीकर के माध्यम से होगी तथा जूता घर के अलावा उतरे हुये जूतों को सफाई कर्मी की ड्यूटी लगाते हुये थैले के माध्यम से उठवाया कराया जाये।
बैठक में क्रान्ति शेखर सिंह (अपर नगर आयुक्त), मयंक यादव (उप नगर आयुक्त), लवकुश गुप्ता (सहायक नगर आयुक्त), रिजवान अहमद (अधिशासी अभियन्ता सिविल), विक्रमाजीत (सहायक अभियन्ता सिविल), अरूण कुमार (अवर अभियन्ता सिविल), हरिकृष्ण गुप्ता (कर अधीक्षक), श्रीगोपाल वशिष्ठ (कार्यालय प्रभारी), नन्दकिशोर (सहायक अभियन्ता जल), कुवर पाल (अवर अभियन्ता जल), रामानन्द त्यागी (क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी), सुभाष चन्द (सफाई निरीक्षक), नीरज (सफाई निरीक्षक), राजेश रावत आदि उपस्थित थे।