मथुरा। पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रमुख मंदिर ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में आगामी अधिक मास (पुरुषोत्तम मास) के अवसर पर 17 मई से 15 जून तक भव्य धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। मंदिर के विधि एवं मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एड. ने जानकारी देते हुए बताया कि यह समस्त कार्यक्रम गोस्वामी श्री 108 डॉ. वागीश कुमार महाराज, तृतीय पीठाधीश्वर कांकरोली के निर्देशन में निर्धारित किए गए हैं।
अधिक मास के दौरान मंदिर में प्रतिदिन अलग-अलग मनोरथ आयोजित होंगे, जिनमें पालना, चांदी एवं सोने का पालना, गणगौर, पनघट, चीरहरण, नौका विहार, दानगढ़-मानगढ़, नंदोत्सव, छाकलीला, रथयात्रा, विवाह महोत्सव, फूल बंगला, शरद रास, गोचारण, लाल-गुलाबी-श्याम घटा सहित अनेक आकर्षक उत्सव शामिल हैं। इस दौरान वर्षभर में होने वाले प्रमुख उत्सवों का आनंद भक्त एक ही माह में प्राप्त कर सकेंगे।
मंदिर प्रशासन के अनुसार अधिक मास को ‘पुरुषोत्तम मास’ के रूप में विशेष महत्व प्राप्त है। धार्मिक मान्यता है कि इस माह में किया गया दान-पुण्य सीधे ठाकुर जी को समर्पित होता है जिससे इस अवधि में श्रद्धालुओं की संख्या में भारी वृद्धि होने की संभावना है। भक्तगण यदि अपने आराध्य के प्रति विशेष सेवा या मनोरथ संपन्न कराना चाहते हैं, तो मंदिर के समाधान कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।
श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। शासन-प्रशासन को पत्र लिखकर अतिरिक्त पुलिस बल और सुचारू ट्रैफिक व्यवस्था की मांग की जाएगी। मंदिर के सभी प्रवेश द्वारों पर विशेष प्रबंध किए जाएंगे ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मंदिर प्रशासन ने प्रशासन से अपील की है कि समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं जिससे अधिक मास के दौरान आने वाले लाखों भक्तों को सुगम दर्शन का लाभ मिल सके।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.