नगर निगम कैबिनेट की बैठक में अनाप-शनाप टैक्स लगाए जाने पर उठी आपत्ति, बेशकीमती जमीनो को संस्थाओं को दिए जाने पर जताया विरोध
मथुरा। मथुरा वृंदावन नगर निगम कैबिनेट की बैठक में आज गृहकर – जलकर को ले कर दिए जा रहे अनाप-शनाप डिमांड नोटिस पर गहरी आपत्ति जताई गई वहीं नगर निगम द्वारा अवैध कब्जों से मुक्त कराई गई जमीनो को अलग अलग संस्था को दिए जाने पर भी पार्षदों ने विरोध दर्ज कराया। पार्षदों का कहना था कि टैक्स को लेकर किया गया जीपीआरएस सर्वे में काफी अनियमितता बरती गयी है।
नगर निगम के मुख्य कार्यालय जनरल गंज स्थित नवीन सभागार में बुधवार को हुई कैबिनेट की बैठक में मथुरा वृंदावन नगर निगम के वार्ड नंबर 20 की पार्षद नीलम गोयल ने प्रस्ताव दिया कि छोटे मकानों से जलकर नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि नगर निगम एक्ट के पेज नंबर 106 पर स्पष्ट शब्दों में लिखा है कि धारा 173 की उप धारा 1 के खंड ख के अधीन ऐसे मकान जिन पर ₹308 से कम का हाउस टैक्स बनता हो तो उनसे जल के नाम पर टैक्स नहीं लिया जा सकता। उन्होंने कहा है कि 15-20 गज में छोटे मकान बने हुए हैं उनसे जलकर के नाम पर ₹900 लेना उचित नहीं है। अधिकांश पार्षदों का मत था कि निगम की विभिन्न स्थानों से अवैध कब्जे और अतिक्रमण से मुक्त कराई जमीन यूही किसी को भी दिया जाना अनुचित है। बैठक में 11 प्रस्ताव रखे गए।
बैठक में महापौर मुकेश आर्य बंधु नगर आयुक्त अनुनय झा अपर नगर आयुक्त क्रान्ति शेखर सिंह सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल महाप्रबन्धक जल विजय नारायण मौर्य मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम लेखाधिकारी गीता कुमारी सहित उप सभापति राधा कृष्ण पाठक पार्षद राजवीर सिंह राजेश सिंह पिंटू सिंह तिलक वीर राशिक बल्लभ स्वेता शर्मा चन्दन आहूजा दीपक गोला नीलम गोयल गोविंद रजनी मौजूद रहे।