मथुरा के निजी विद्यालय सरकार की घोर उपेक्षा के शिकार, बैठक कर भरेंगे हुंकार

मथुरा। स्थानीय कान्हा माखन स्कूल में आयोजित एफिलिएटिड स्कूल एसो. की कार्यकारिणी समिति की एक आपात बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि शीघ्र ही मथुरा में सीबीएसई से संबद्ध सभी विद्यालयों की एक बैठक बुलाई जाएगी जिसमें सभी विद्यालय में फीस प्रतिपूर्ति की समस्या, आरटीओ द्वारा स्कूल बसों के संचालन में असहयोग तानाशाही पूर्ण रवैया, आर टी ई के अंतर्गत प्रवेश लेने वाले छात्रों की पात्रता में अनियमितता आदि मुद्दों पर विशेष चर्चा होगी।
ज्ञात हो की अशासकीय स्कूल अनेक अव्यवहारिक शासकीय नीतियों को लेकर निरंतर ही विभिन्न समस्याओं से जूझते हुए भी विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। यह भी निर्णय लिया गया कि शीघ्र ही स्कूलों की विभिन्न समस्याओं के निराकरण के लिए संगठन का एक प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री से मिलेगा।
बैठक को संबोधित करते हुए शिक्षाविद मोहन स्वरूप भाटिया ने कहा कि कोई निजी स्कूल नहीं होता सब अशासकीय विद्यालय हैं परंतु उनको निजी स्कूल कह कर अपमानित किया जाता है । बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों का मानना था कि शासन के अनिवार्य शिक्षा अधिनियम के छात्रों वंचित छात्रों को प्रवेश देने में उन्हें कोई भी परेशानी नहीं है परंतु उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा फीस प्रतिपूर्ति को लेकर के अनेक समस्याएं हैं। बैठक में संजय पाठक अनिल वाजपेयी डॉ. ओम अनिल यदुवंशी आशीष भाटिया कुलदीप लवानिया अभिषेक गोयल आदि उपस्थित थे।