बेसिक शिक्षा विभाग की किताब में मिस प्रिंट : मथुरा की प्रिंटिंग प्रेस पर छपी कक्षा 5 की हिंदी की किताब में राष्ट्रगान से गायब हुआ उत्कल बंग शब्द
मथुरा। उत्तर प्रदेश के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा प्राथमिक विद्यालय की कक्षा 5 की हिंदी की किताब में छापे गए राष्ट्रगान से कुछ शब्द गायब हैं। राष्ट्रगान से उत्कल बंग शब्द गायब होने के बाद विभाग में हड़कंप मच गया। कौशांबी जिला में बांटी गई किताब में मिली गड़बड़ी के बाद वहां के बीएसए ने कहा कि यह किताब मथुरा की एक प्रिंटिंग प्रेस पर छपी हैं हो सकता है यह प्रिंटिंग मिस्टेक हो। जिस किताब में राष्ट्रगान शब्द छपा है उसका नाम वाटिका है। यह कक्षा 5 में पढ़ाई जाती है। इस किताब के आखिरी पेज पर राष्ट्रगान लिखा हुआ है। इसमें पंजाब -सिंधु – गुजरात -मराठा के बाद उत्कल बंग शब्द नहीं हैं। फिर सीधे पांचवी लाइन विंध्य -हिमाचल – यमुना – गंगा से शुरू है। यह एक दो किताब में नहीं बल्कि ढाई लाख किताबों में गलती हुई है।
कक्षा 5 की हिंदी की वाटिका नामक यह किताब मथुरा के प्रमोद प्रिंटर के यहां पब्लिश हुई। इसका विवरण किताब पर दर्ज है। इस संबंध में प्रेस के मालिक प्रमोद गुप्ता ने बताया कि उनके द्वारा केवल इसका कवर पेज छापा गया है। उन्होंने पूरी किताब नहीं छापी केवल कवर पेज छापा था। यह ऑर्डर उनको बेसिक शिक्षा विभाग से नहीं बल्कि मथुरा के ही दूसरे प्रिंटर हाईटेक प्रिंटर ने दिया था उन्होंने प्लेट हमारे यहाँ भेजी जिसे छाप दिया गया। हाई टेक प्रिंटिंग प्रेस के मालिक रामप्रकाश हैं जो फैक्ट्री पर नहीं थे। किताब में हुई गलती को दूर करने के लिए अब उत्कल बंग लिखे शब्द के स्टीकर छापे जा रहे हैं। जिनको उस जगह लगा दिया जायेगा जहां मिस प्रिंट हैं।
मथुरा में विभाग द्वारा 15 लाख किताब छापने का ऑर्डर दिया गया। इसमें से ढाई लाख किताब में यह मिस प्रिंटिंग हुई है। जब इस गलती की जानकारी हुई और पता किया गया कि यह गलती किताबों में हुई तब पता चला कि यह मिस प्रिंट ढाई लाख किताबों में हुआ है। फिलहाल इस गलती को दूर करने के लिए प्रिंटिंग प्रेस के लोग उस शब्द के स्टीकर छाप रहे हैं जिसकी वजह से यह बखेड़ा खड़ा हुआ है। वर्तमान में अब छप रही किताब के मुख्य पृष्ट पर राष्ट्र गान में उत्कल बंग शब्द जुड़ा हुआ है।